बंगाणा, 04 May (TSN)-हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले ने देशभर में आक्रोश की लहर फैला दी है। इस जघन्य कृत्य के पश्चात केंद्र सरकार ने कड़ा रुख अपनाते हुए भारत में निवास कर रहे पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा निरस्त करने तथा उन्हें तत्काल देश से बाहर निकालने के निर्देश जारी किए हैं।
देश के विभिन्न राज्य इस दिशा में सक्रियता दिखा रहे हैं, जबकि हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार की उदासीनता पर विपक्ष ने सवाल उठाए हैं। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री वीरेंद्र कंवर ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार सुरक्षा जैसे अहम मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है, जो कि अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।कंवर ने कहा, “जब पूरा देश एकजुट होकर राष्ट्र की सुरक्षा के लिए प्रयासरत है, तब हिमाचल की सरकार का निष्क्रिय रहना समझ से परे है। यह स्थिति सरकार की प्राथमिकताओं पर गंभीर प्रश्नचिन्ह खड़ा करती है।”उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की कि वह तत्परता दिखाते हुए राज्य में निवास कर रहे विदेशी नागरिकों की पूर्ण जांच कर, संदिग्ध व्यक्तियों पर कार्रवाई शुरू करे। भाजपा नेता ने स्पष्ट किया कि यदि सरकार इस ओर कोई कदम नहीं उठाती, तो पार्टी जन आंदोलन का रास्ता अपनाने के लिए बाध्य होगी।कंवर ने चेताया, “राष्ट्रीय सुरक्षा के मामलों में कोताही किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं की जा सकती। यह समय राजनीतिक स्वार्थ से ऊपर उठकर राष्ट्रहित में निर्णय लेने का है।”
