अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश में विधानसभा चुनावों को लेकर भाजपा ने चुनावी शंखनाद कर दिया है। रविवार को भाजपा की ओर से प्रदेश के 68 विधानसभा क्षेत्रों में चुनावी रैलियां और जनसभाएं की गई। इन रैलियों और जनसभाओं में केंद्र और प्रदेश के आला नेताओं ने लोगों को संबोधित किया और चुनावी मैदान में उतारे गए भाजपा के प्रत्याशियों के लिए समर्थन भी मांगा।
वहीं सोमवार से लेकर 1 और 2 नवंबर तक हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में चुनाव प्रचार में बीजेपी अपनी ताकत झोंकने जा रही है। इसके लिए जहां केंद्रीय नेता हिमाचल आएंगे तो वहीं मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मोर्चा संभालेंगे ओर भाजपा प्रत्याशियों के पक्ष में प्रचार अभियान को गति प्रदान करेंगे।
भाजपा के हमीरपुर मीडिया सेंटर इंचार्ज अंकुश दत्त शर्मा ने कहा कि 31 अक्टूबर को केंद्रीय सूचना प्रसारण मंत्री अनुराग ठाकुर गगरेट विधानसभा के तहत विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ सभाओं में पार्टी के प्रत्याशी के पक्ष में प्रचार करेंगे । 1 नवंबर को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर सुबह साढ़े दस बजे जसवां विधानसभा के संसारपुर टेरेस घाटी में जनसभा को संबोधित करेंगे। इसी दिन दोपहर साढ़े बारह बजे मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भोरंज विधानसभा के खुरवाड़ में जनसभा को संबोधित करेंगे। 2 नवंबर को नादौन विधानसभा के अमतर ग्राउंड मे सुबह दस बजे केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जनसभा को संबोधित करेंगे। 2 नवंबर को ही उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ बड़सर विधानसभा के बिझड़ में जनसभा को संबोधित करेंगे।
