मंडी,धर्मवीर(TSN)-आखिरकार लंबे इंतजार के बाद से मंडी शहर को ट्रैफिक जाम से निजात मिलने वाली है।कीरतपुर-मनाली फोरलेन प्रोजेक्ट के तहत मंडी शहर को बाईपास करने के लिए बनाया जा रहा फोरलेन बनकर तैयार हो गया है। कल यानी सोमवार 30 सितम्बर से इसे यातायात के लिए विधिवत रूप से शुरू किया जा रहा है।हालांकि तीन दिनों तक इस पर ट्रायल बेस पर ट्रैफिक चलाया जाएगा।इस दौरान एनएचएआई यह देखेगी की कहीं पर कोई दिक्कत तो नहीं आ रही। यदि कोई दिक्कत आएगी या कोई कमी रही होगी तो उसे तुरंत प्रभाव से ठीक किया जाएगा।
शुरूआती तौर पर ट्रायल बेस पर शुरू किया जाएगा ट्रैफिक
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर वरूण चारी ने इसकी पुष्टि की है।उन्होंने बताया कि एक पुल के निर्माण के कारण मंडी बाईपास का प्रोजेक्ट रुका हुआ था जिसका काम पूरा कर लिया गया है।उन्होंने बताया कि 8 किमी मंडी बाईपास प्रोजेक्ट में 4 टनल बनाई गई हैं।इसके अलावा 3 बड़े और 7 छोटे पुल बनाए गए हैं।भविष्य में पंडोह तक कार्य पूरा होते ही इसका विधिवत उदघाटन किया जाएगा। मंडी बाईपास के बन जाने से कुल्लू मनाली आने जाने वाले पर्यटकों को बेहतरीन सड़क सुविधा का लाभ मिलेगा और मंडी शहर से भी ट्रैफिक का दबाव कम होगा।बता दें नागचला से लेकर पंडोह तक फोरलेन का निर्माण केएमसी कम्पनी द्वारा किया जा रहा है, मंडी बाईपास भी उसी का ही हिस्सा है।
