भावना,शिमला: हिमाचल में होने वाले विधानसभा चुनावों में हार देखकर भाजपा नेता बौखला गए हैं। हिमाचल में आम आदमी पार्टी को जनता का भारी समर्थन मिल रहा है। जिससे आम आदमी पार्टी को हिमाचल में रोकने के लिए केंद्रीय एजेंसियों को दुरुपयोग कर आप नेताओं पर झूठे केस दर्ज किए जा रहे हैं। यह बात आम आदमी पार्टी हिमाचल के प्रभारी और पंजाब के शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैस ने शिमला में पत्रकार वार्ता के दौरान क।
भाजपा पर चुनाव में हार के डर से आप नेताओ पर झूठे मामले दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार करने के आरोप लगाए है। हरजोत सिंह बैस ने कहा कि दिल्ली में बेहतर मोहल्ला क्लीनिक खोलकर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने वाले सत्येंद्र जैन पर झूठे केस दर्ज कर जेल में डाला गया। हिमाचल प्रभारी रहे सत्येंद्र जैन लगातार हिमाचल में आम आदमी पार्टी का संगठन खड़ा कर रहे थे, जिन्हें रोकने के लिए झूठा केस दर्ज कर गिरफ्तार किया गया। अब दिल्ली के उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया लगातार हिमाचल में आ रहे है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल की जनता का आम आदमी पार्टी को भारी समर्थन मिल रहा है,जिससे बौखलाए भाजपा नेता अब मनीष सिसोदिया पर झूठा केस दर्ज कर गिरफ्तार करना चाहती है। दिल्ली की एक्साइज पॉलिसी से सरकार के रेवेन्यू में भारी बढ़ोतरी हो रही है, तब घोटाला कैसे हो सकता है। यह देश में पहला घोटाला होगा जिसमें सरकार के रेवेन्यू में बढ़ोतरी हो रही है।
उन्होंने कहा कि घोटाला हुआ ही नहीं लेकिन भाजपा सरकार केंद्रीय एजेंसियों को दुरुपयोग कर मनीष सिसोदिया को गुजरात और हिमाचल में प्रचार करने से रोकने के लिए षड़यंत्र रच रही है। हरजोत बैस ने कहा कि भाजपा के झूठे केसों से आम आदमी पार्टी का कार्यकर्ता डरता नहीं है। भाजपा के षड्यंत्रों को जनता देख रही है और आगामी चुनावों में भाजपा को इसका जवाब देगी।
