राहुल चावला, धर्मशाला: नगर निगम धर्मशाला के खनियारा वार्ड में कंकरीट रोड़ पर तारकोल बिछाने पर लोगों में रोष देखा जा रहा हैं। लोगों का कहना हैं कि कंकरीट रोड़ ठीक था, फिर न जाने क्यों विभाग ने इस पर तारकोल बिछा दिया। लोगों की मानें तो कंकरीट रोड़ 20 से 25 साल तक सही रहता है, जबकि विभाग की ओर से डाली जाने वाली तारकोल बरसात में खराब हो जाती है। ऐसे में बरसात में यदि तारकोल उखड़ता हैं तो निश्चित तौर पर वाहन चालकों समेत पैदल राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ेगा।
इसके साथ ही तारकोल डालने से सीवरेज के ढक्कन भी बंद हो गए हैं, ऐसे में ब्लॉकेज होने पर फिर से तारकोल उखाड़ना पड़ेगा। उधर विभाग का दावा है कि तारकोल डालने से कंकरीट रोड़ की लाइफ बढ़ जाती है। वैसे भी कंकरीट रोड़ पर वाहनों की आवाज ज्यादा होती हैं और टायर भी ज्यादा घिसते हैं, ऐसे में लोगों को आरामदायक सफर मिले, उसी को ध्यान में रखकर कंकरीट पर तारकोल डाला गया हैं।
नगर निगम धर्मशाला ओंकार नैहरिया ने बताया कि धर्मशाला शहर में कुछ जगहों पर कंकरीट सड़क पर तारकोल बिछाने के संबंध में लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन से बात हुई हैं। जिन्होंने बताया कि कंकरीट मार्ग उखड़ जाता है, लेकिन तारकोल डालने से मार्ग अच्छा हो जाता हैं। खनियारा में 10 साल पहले सड़क मार्ग पर कंकरीट डाला गया था और रोड़ अच्छा था।
दो माह में उखड़ जाएगी तारकोल
मनु रस्तोगी खनियारा निवासी का कहना है कि कंकरीट सड़क मार्ग पर तारकोल बिछाया जा रहा हैं। सीवरेज के ढक्कनों को तारकोल से बंद कर दिया गया हैं। बरसात आएगी तो ब्लॉकेज होगी तो फिर से तारकोल उखाड़नी पड़ेगी। कंकरीट का रोड़ था, अब जो तारकोल डाली है, लगता है कि दो माह में यह तारकोल उखड़ जाएगी।
बरसात भी नहीं झेल पाएगी तारकोल
खनियारा के दुकानदार सुरेंद्र कुमार वालिया का कहना है कि कुछ वर्ष पूर्व सड़क की हालत खराब थी, उस समय यहां कंकरीट डाला गया था। अब कंकरीट मार्ग पर तारकोल बिछाने का औचित्य समझ में नहीं आ रहा हैं। रोड़ बढ़िया था, लेकिन अब तो तारकोल डाली है, वो इस वर्ष बरसात भी नहीं झेल पाएगी।
