अरविंदर सिंह,हमीरपुर: प्रदेश की कांग्रेस सरकार की ओर से पूर्व सरकार की ओर 6 माह पूर्व हुई घोषणाओं को डिनोटिफाई करने का विरोध भाजपा की ओर से बताया जा रहा है इस मुद्दे पर भाजपा और कांग्रेस नेता आमने सामने आ गए हैं और एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगा रहे हैं। इसी के विरोध में गुरुवार को हमीरपुर ज़िला के उपमंडल भोरंज के तहत भारतीय जनता पार्टी मंडल भोरंज ने मंडल अध्यक्ष देशराज शर्मा की अगुवाई में कार्यकर्ताओं ने रैली निकाली और विरोध प्रदर्शन किया।
इस दौरान उन्होंने भोरंज उप मंडल अधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजकर अपनी आपत्ति भी दर्ज करवाई। भाजपा का आरोप है कि कांग्रेस सरकार बदला बदली की भावना से काम कर प्रदेश सहित भोरंज उपमंडल में विभिन्न संस्थानों की नोटिफिकेशन को रद्द करने का काम कर रही हैं। रैली व प्रदर्शन के दौरान भोरंज विधानसभा क्षेत्र की पूर्व विधायक कमलेश कुमारी और पूर्व विधायक डॉ. अनिल धीमान भी उपस्थित रहे।
पूर्व विधायक कमलेश कुमारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार में कई संस्थान भोरंज में खुले थे जिनमें विद्युत विभाग का डिवीजन विद्युत विभाग का सबडिवीजन लदरौर जल शक्ति विभाग का सबडिवीजन समीरपुर, भरेड़ी पीएससी का दर्जा बढा करके सीएससी का दर्जा दिया गया था। इसके इलावा पंजोत में प्राइमरी हेल्थ सेंटर और करहा हेल्थ सब सेंटर खोला गया था, लेकिन वर्तमान कांग्रेस सरकार ने आते ही बदला बदले की भावना से इन संस्थानों को डिनोटिफाई करने का काम किया हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने आम जनता की सुविधा के लिए लाए गए कार्यालयों को डिनोटिफाई करके जनविरोधी काम किया हैं और उनके कथनी व करनी में क्या अंतर है यह अब जनता जान चुकी हैं। उन्होंने कहा कि आज भाजपा की ओर से ज्ञापन के माध्यम से राज्यपाल से जनहित में पुन: इन सभी संस्थानों को खोले जाने की मांग की हैं।
