संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश की सुखविंदर सिंह सरकार सत्ता में आते ही एक्शन मोड में हैं। सरकार की ओर से एक से बाद एक फ़ैसले लिए जा रहे हैं। सरकार ने बीजेपी सरकार के 1 अप्रैल 2022 के बाद लिए के निर्णयों पर अपना चाबुक चला दिया हैं। सरकार के इन फैसलों का अब भाजपा की ओर से विरोध जताया जा रहा है। यही वजह भी हैं कि इन फैसलों के खिलाफ बीजेपी अब सड़कों पर उतर गई हैं। गुरुवार को भाजपा ने शिमला में सरकार के इस फ़ैसले के खिलाफ़ विरोध प्रदर्शन किया और उपायुक्त शिमला के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भी सौंपा।
भाजपा के जिला अध्यक्ष रवि मेहता ने कहा कि प्रदेश की जनता ने कांग्रेस पार्टी को जनमत दिया, बावजूद इसके सरकार जनता के विरोध में कार्य कर रही हैं। जनता हितैषी कार्य करने के बजाए कांग्रेस सरकार जयराम सरकार की ओर से जनता के हित में लिए गए निर्णयों को डिनोटिफाई कर रहे हैं। मंत्रिमंडल का गठन अभी तक नहीं हो पाया हैं। कांग्रेस सरकार ने 307 से अधिक कार्यालयों को बंद कर दिया हैं। विपक्ष इसे बर्दाश्त करने वाला नहीं हैं। इन्हीं फैसलों के विरोध में बीजेपी पूरे प्रदेश में आज धरना प्रदर्शन व ज्ञापन दे रही हैं। यह एक सांकेतिक धरना है आने वाले समय में एक बड़ा आंदोलन खड़ा किया जाएगा।
