सोलन/योगेश शर्मा- साल 2022 में हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला में चोरों ने करीब एक करोड़ की संपत्ति पर अपना हाथ साफ किया है, लेकिन सोलन पुलिस ने भी मुस्तैदी दिखाते हुए 130 मामले दर्ज कर अब तक 161 लोगों को गिरफ्तार किया है। इन चोरियों में पुलिस ने अब तक 55 लाख की संपत्ति को भी रिकवर कर लिया है।
161 लोगों को गिरफ्तार कर पुलिस ने दबोची चोरों की तीन मुख्य गैंग
एएसपी सोलन अजय कुमार राणा ने बताया कि सोलन पुलिस लगातार शहर में बढ़ रही चोरियों को लेकर मुस्तैद है। ऐसे में पुलिस ने सिविल में भी कुछ लोगों को तैनात किया है, जो इन चोरों पर नजर बनाए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सोलन शहर में पुलिस ने तीन मुख्य गैंगों को गिरफ्त कर लिया है।
उन्होंने बताया कि साल 2022 में सोलन पुलिस ने 130 चोरियों के मामले दर्ज किए है,जिनमे अबतक सोलन पुलिस ने 161 लोगों को गिरफ्तार किया है। उन्होंने बताया कि इस साल में सोलन में चोरों ने करीब 1 करोड़ की संपति पर हाथ साफ किया है। लेकिन सोलन पुलिस ने अभी तक इन मामलों में जांच करके 55 लाख की संपति को रिकवर कर लिया है।
बता दें कि सोलन शहर में इन दिनों चोरों के गैंग सक्रिय है , लेकिन सोलन पुलिस ने लोगों पर शिकंजा कसने के लिए सिविल में भी लोगों को तैनात किया है। उन्होंने बताया कि इन दिनों चोरों द्वारा शहर में गैस सिलेंडर, गाड़ी में स्पेयर पार्ट्स, गहने और अन्य चीजों पर हाथ साफ किया जा रहा है,जिनपर सोलन पुलिस ने नकेल कसनी शुरू कर दी है।
सोलन में नशे का व्यापार भी बढ़ा
एएसपी सोलन अजय कुमार राणा ने बताया कि सोलन में शिक्षा हब होने के साथ-साथ नशे का व्यापार और इसका सेवन करने का चलन भी बढ़ता जा रहा है, जिसको कंट्रोल करने के लिए सोलन पुलिस मुस्तैद है। वहीं लोगों को भी इसके प्रति जागरूक किया जा रहा है। यदि कोई नशे का सेवन करने वाला या नशे का व्यापार करने वाले के बारे में किसी को भी किसी तरह की जानकारी प्राप्त होती है तो उसके बारे में पुलिस को सूचना दी जाए।
