शिमला, 10 फरवरी -:जिला शिमला में घरेलू गैस सिलेंडरों की समयबद्ध और सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से प्रशासन ने महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उपायुक्त शिमला अनुपम कश्यप ने जिले में कार्यरत 29 गैस एजेंसियों के लिए सिलेंडर वितरण का रूट चार्ट अनुमोदित कर दिया है। इस व्यवस्था के लागू होने से शहरी के साथ-साथ ग्रामीण और दूर-दराज क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को विशेष लाभ मिलेगा।
उपायुक्त अनुपम कश्यप ने बताया कि जिले के विभिन्न क्षेत्रों और फोकल बिंदुओं पर उपभोक्ताओं तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए प्रत्येक एजेंसी के लिए अलग-अलग रूट चार्ट निर्धारित किया गया है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे तय रूट चार्ट के अनुसार ही गैस सिलेंडरों की आपूर्ति सुनिश्चित करें। इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, शिमला नरेंद्र कुमार धीमान ने बताया कि यदि किसी अपरिहार्य कारणवश निर्धारित तिथि को गैस सिलेंडर की आपूर्ति संभव नहीं हो पाती है, तो संबंधित एजेंसी अगले दिन सिलेंडर वितरण सुनिश्चित करेगी। इसके साथ ही पंचायत प्रतिनिधियों और उपभोक्ताओं को व्हाट्सएप ग्रुप या दूरभाष के माध्यम से पूर्व सूचना देना अनिवार्य होगा।उन्होंने कहा कि सभी गैस एजेंसियों को अब रूट चार्ट का कड़ाई से पालन करना होगा। गैस सिलेंडर डिलीवरी वाहनों में लाउड स्पीकर, वजन तोलने की मशीन, गैस लीक जांच यंत्र, रूट चार्ट की प्रति और निर्धारित शुल्क की जानकारी रखना अनिवार्य किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।नरेंद्र कुमार धीमान ने यह भी स्पष्ट किया कि रूट चार्ट की प्रतियां संबंधित गैस एजेंसियों में उपलब्ध रहेंगी। उपभोक्ता किसी भी जानकारी या शिकायत के लिए अपनी गैस एजेंसी से संपर्क कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त, जिला नियंत्रक कार्यालय, शिमला के दूरभाष नंबर 0177-2657022 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
TAGGED:
Shimla DC Anupam Kashyap
Chandrika
