बिलासपुर : सुभाष ठाकुर – घुमारवी के लेठवीं कस्बे के पास मिलने वाली लंझता – बेला सम्पर्क सड़क इतनी खराब है कि यहाँ पर दोपहिया वाहन सवार आए दिन हादसों का शिकार हो रहे है, लेकिन विभाग इस तरफ ध्यान देने के बजाए आंखें मूंद कर बैठा है। थोडी बारिश के दौरान यहां हालात और खराब हो जाते हैं। ऐसे में दोपहिया वाहन तो हादसों का शिकार होते ही है। कार चालक और ट्रक चालक भी जान जोखिम पर रख कर इस सड़क से निकल रहे है।
दधोल – भराड़ी सड़क पर स्थित लेठवीं कस्बे से एक सड़क लंझता- बेला के लिए बनी है। एक वर्ष पहले इस सड़क का नवीनीकरण कार्य शुरू हुआ है। जिसके चलते लेठवीं में सड़क को उखाडा गया है। सड़क उखाड़ने के बाद यहां पर गहरी उतराई बन चुकी है। मिट्टी व पत्थर सड़क पर बिखरे हुए है। गहरी उतराई होने की वजह से अक्सर दोपहिया वाहन व कारें स्किड हो रही हैं। पिछले कुछ समय में कई लोग चोटिल हो चुके हैं। इस सड़क पर रोजाना दर्जनों वाहनों की आवाजाही होने के साथ ही अक्सर पैदल भी लोग आते जाते रहते हैं। जब भी कोई वाहन यहां से गुजरने लगता है तो राहगीर भाग कर खुद का बचाव करते हैं कि न जाने कौन सी गाड़ी स्किड होकर चोट पहुंचा दे।
सड़क को दुरुस्त करने की मांग
स्थानीय लोगो ने बताया कि यहां पर सड़क नवीनीकरण कार्य करीब एक वर्ष पहले शुरू हुआ था, लेकिन आज तक यहां पर न सड़क दुरुस्त की गई, न यहां गहरी उतराई का समाधान किया गया। एक वर्ष का समय बीत जाने के बाद भी यहां पर सड़क की हालत दयनीय बनी हुई है। जल्द ही यहां पर स्थिति दुरुस्त न की गई तो लोग विभागीय कार्यलय के बाहर धरना देने को मजबूर हो जाएंगे। वही लोक निर्माण विभाग के एसडीओ हरि सिंह ने कहा कि यहां पर ठेकेदार को जल्द कार्य करने के निर्देश दिये गए हैं। जल्द ही यहां पर समस्या का समाधान कर दिया जाएगा।
