सोलन : योगेश शर्मा- हिमाचल में पिछले कल से हो रही बारिश से नुकसान होना शुरू हो गया है। बारिश के बीच धर्मपुर-सुबाथू सड़क पर नयानगर के समीप पहाड़ी से विशालकाय पत्थर घर के लेंटर तोड़कर अंदर आ गिरे। इससे भवन को काफी नुकसान हुआ है। वहीं एक युवक भी पत्थर की चपेट में आया है। जिसे तुरंत प्राथमिक उपचार के लिए सुबाथू अस्पताल ले जाया गया। जहां से युवक की हालत को देखते हुए पीजीआई चंडीगढ़ रैफर किया गया है। वहीं पत्थरों के गिरने से सड़क भी बाधित हुई है। साथ ही सड़क पर खड़े वाहन समेत अन्य कई सामान भी पत्थरों की चपेट में आया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और लोक निर्माण विभाग और पुलिस मौके पर आ कर कार्रवाई कर रही है।
जानकारी के अनुसार नयानगर में पहाड़ी से पत्थर अचानक गिरना शुरू हुए। इसी दौरान एक बड़ा पत्थर मकान के ऊपर आया और लेंटर तोड़कर घर में गिर गया। इससे परिवार के सदस्य सहम गए। इसके बाद भी पत्थरों के गिरने का सिलसिला जारी रहा। मकान मालिक ने बताया कि अचानक पत्थरों के गिरने से उनके घर के दो लेंटर में छेद हो गया। घर का पूरा सामान चट्टान के नीचे दब गया है। उन्होंने बताया कि घटना में परिवार के एक युवक को चोटे आई है।
वहीं पत्थरों के गिरने से सुबाथू-धर्मपुर मार्ग पर कुछ समय के लिए मार्ग भी अवरुद्ध रहा। लेकिन घटना की जानकारी मिलते ही सुबाथू पुलिस व लोनिवि ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभला। उधर, सुबाथू चौकी प्रभारी परमेश कुमार ने बताया कि घटना में एक घर को नुकसान हुआ है। युवक को चोटे भी आई है।
युवक को दी गई फौरी राहत
नायब तहसीलदार सलीम मोहम्मद ने बताया कि चोटिल युवक को पांच हजार फौरी राहत दी गई है। घर के नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर जल्द ही सरकार को भेजी जाएगी ताकि पीड़ित परिवार को राहत राशि जल्द दिलाई जा सके।
