योगेश शर्मा, सोलन: प्रदेश में सेब सीज़न खत्म होने के बाद अब गिरीपुल नौणी कुम्हारहट्टी सड़क की हालत खस्ताहाल हो चुकी हैं। सड़क के हालात ऐसे हैं कि यहां 3 से 4 फुट तक के गड्ढे पड़ चुके हैं लेकिन इस सड़क को ठीक करने की पहल अभी तक नहीं की गई हैं।
सड़क के इस तरह के हालात देखकर अब लोग भी यह कहने को मजबूर हो गए हैं कि गोद भराई की रस्म की तरह गड्ढे भराई की रस्म भी की जानी चाहिए। सड़क की दयनीय हालत को लेकर जिला परिषद सदस्य मनोज वर्मा लगातार संबंधित विभागों से बैठकर कर रहे हैं और उन्हें उसके बारे में शिकायत भी दी जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई भी समाधान इसका नहीं निकल पाया हैं। जिला परिषद की बैठक में भी इस बात को मनोज वर्मा ने रखा था लेकिन विभाग के अधिकारी इसमें कुछ भी कर पाने में सफल नहीं हो पाए हैं।
जानकारी के मुताबिक गिरिपुल नौणी कुम्हारहट्टी सड़क में आधी सड़क राजगढ़ पीडब्ल्यूडी के डिवीजन के अंडर आती है और आधी सड़क सोलन के अधीन, लेकिन ये दोनों ही डिवीजन इस रोड़ की एनुअल मेंटेनेंस नहीं कर सकते हैं क्योंकि इस रोड़ के मेंटेनेंस का कार्य सरकार की ओर से एक प्राइवेट ठेकेदार को दिया गया हैं। यह रोड़ सैंज पराला से होते हुए नौणी गिरिपुल और कुम्हारहट्टी पहुंचता हैं। सड़क इतनी खराब है कि सड़क में दो से तीन फीट तक के गड्ढे पड़ चुके हैं।
सलोगड़ा वार्ड से जिला परिषद सदस्य मनोज वर्मन बताया कि हिमाचल प्रदेश में विकास के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा , रोजगार और सड़कें ही आधार हैं,लेकिन सड़को की हालत इतनी दयनीय है कि लोग रोड़ पर चलने से भी डर रहे हैं। यही हालत इन दिनों पिछले 4 महीनों से नौणी गिरिपुल कुम्हारहट्टी सड़क का है जिसमें दो से तीन फुट गड्ढे पड़े हैं। कई बार इस रोड़ पर चलने से गाड़ियां खराब हो रही है तो कई बार यहां हादसे सामने आ रहे हैं।
मनोज वर्मा ने पीडब्ल्यूडी विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा है कि न तो ओछघाट में पीडब्ल्यूडी का सब डिवीजन इस रोड़ की मरम्मत कर पा रहा है और न ही राजगढ़ पीडब्ल्यूडी डिवीजन इस रोड़ में कुछ कर सकता है, क्योंकि सरकार ने इस रोड़ के मेंटेनेंस का काम प्राइवेट ठेकेदार को दिया हैं लेकिन वो कार्य नहीं कर रहा हैं।
मनोज वर्मा ने कहा कि अब लोग अपने स्तर पर रोड़ को ठीक करना चाह रहे है जिस तरह से गोद भराई की रस्म होती है उस तरह से अब लोग इस सड़क की गड्ढे भराई की रस्म करना चाहते हैं। मनोज वर्मा ने कहा कि प्रशासन इस मामले पर कड़ा संज्ञान लें ताकि आमजन को राहत मिल सके।
