राहुल चावला,पालमपुर: राज्य सरकार राहत, पुनर्वास ओर विकास पर विशेष प्राथमिकता देगी ताकि आम जनमानस को किसी भी तरह की असुविधा नहीं हो। यह बात उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने सोमवार को पालमपुर के आइमा में अमृत परियोजना के तहत एक करोड़ 15 लाख से जलाशय के जीर्णोद्वार कार्य का शिलान्यास करने के बाद पत्रकारों से बातचीत के दौरान कही। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में भारी बारिश के चलते आठ हजार करोड़ का नुकसान एवं 300 से अधिक लोग इस मानसून का शिकार होकर जान गंवा चुके हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार युद्व स्तर पर राहत एवं पुनर्वास कार्यक्रम चला रही है और अपने स्रोतों से जो भी राज्यवासियों की सुरक्षा के लिए किया जा सकता है, वो किया जा रहा हैं। उन्होंने कहा कि राज्य में आपदा की इस घड़ी में प्रभावितों के पुनर्वास पर विशेष ध्यान दिया जा रहा हैं। प्रभावित लोगों को त्वरित प्रभाव के साथ फौरी राहत उपलब्ध करवाने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हुई आपदा से जल शक्ति ने विभाग को 2000 करोड़ का नुकसान हुआ है। प्रदेश में पेयजल योजनाओं को सुचारू बनाने के लिए जल या शक्ति विभाग को 61 करोड़ रुपए की राशि जारी की जा चुकी हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में जल शक्ति महकमें की सभी योजनाओं का अपडेट डाटा बेस तैयार किया जाएगा जिसमें निर्माणाधीन योजनाओं को भी शमिल किया जाएगा ताकि परियोजनाओं की सुचारू मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जा सके और जल शक्ति महकमें को सुदृढ़ बनाया जा सके। इसके साथ ही जल शक्ति विभाग के सभी भवनों के बारे में भी रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए गए हैं इसमें जल शक्ति के ऐसे भवनों की रिपोर्ट भी तैयार करने के लिए कहा गया है जो अभी उपयोग में नहीं लाए जा रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि बरसात के दौरान राज्य की पहाड़ियों के दरकने और भूस्खलन के कारण कई मकान ढह रहे हैं। इसके साथ ही सड़कों पर भी मलबा एकत्रित हो जाता हैं। उन्होंने कहा कि पहाड़ों के दरकने को लेकर वैज्ञानिक रिपोर्ट तैयार करवाई जाएगी ताकि भविष्य में भूस्खलन की दृष्टि से संवेदनशील जगहों पर मकान इत्यादि नहीं बनाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जा सके।
उन्होंने कहा कि हिमाचल में न+शे से युवाओं को दूर करने के लिए पुलिस को खुली छूट दी गई हैं। हर रोज न+शे को बेचने वाले पकड़े जा रहा है और एक साल के भीतर चिट्टे के और न+शे को बेचने वालों को प्रदेश से खत्म कर दिया जाएगा। इस दौरान उपमुख्यमंत्री ने पालमपुर पथ परिवहन परिसर का मुआयना किया व निगम कर्मचारियों की समस्याओं को देखते उन्होंने चालक परिचालक विश्राम गृह के लिए अतिरिक्त राशि मुहैया करवाए जाने के आदेश जारी किए व परिसर में खाली पड़ी जमीन के लिए मास्टर प्लान बनाने के निर्देश भी दिए ।
इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव आशीष बुटेल, पूर्व विस अध्यक्ष बृज बिहारी बुटेल, विधायक यादवेंद्र गोमा, ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष त्रिलोक चंद, मेयर पूनम बाली, डिप्टी मेयर अनीश नाग सहित विभिन्न गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
