मंडी, धर्मवीर-:सीनियर सेकेंडरी स्कूल देवरी के नवनिर्मित भवन में विद्यार्थियों को शिफ्ट न किए जाने के मामले पर हाईकोर्ट ने प्रदेश सरकार से जो जबाव मांगा था, सरकार तय समय में भी उस जबाव को दायर नहीं कर पाई। आज मामले की दोबारा हुई सुनवाई के दौरान हाईकोर्ट ने सरकार को जमकर फटकार लगाई और जल्द से जल्द जबाव दायर करने के निर्देश दिए। हाईकोर्ट ने सरकार से पूछा कि जब स्कूल का नया भवन पूरी तरह बनकर तैयार है, तो विद्यार्थियों को उसमें शिफ्ट क्यों नहीं किया जा रहा।
हाईकोर्ट ने सरकार को निर्देश दिए कि वह 5 अगस्त तक अपना जवाब कोर्ट में पेश करके इस स्थिति को स्पष्ट करे कि किन कारणों से बच्चों को नए भवन में शिफ्ट नहीं किया जा रहा है। यह मामला केवल एक भवन का नहीं, बल्कि क्षेत्र के विद्यार्थियों की शिक्षा, सुरक्षा और बेहतर भविष्य से जुड़ा हुआ है। स्थानीय अभिभावकों एवं क्षेत्रवासियों की लंबे समय से मांग रही है कि तैयार हो चुके स्कूल भवन को बिना किसी अनावश्यक देरी के विद्यार्थियों के लिए शुरू किया जाए, ताकि बच्चों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं और सुरक्षित वातावरण मिल सके। अब इस मामले की अगली सुनवाई 5 अगस्त को निर्धारित की गई है। क्षेत्र के लोगों को उम्मीद है कि सरकार हाईकोर्ट के निर्देशों का सम्मान करते हुए समय पर अपना जवाब प्रस्तुत करेगी तथा विद्यार्थियों के हित में नए स्कूल भवन में शिफ्ट करने की प्रक्रिया को जल्द शुरू करेगी। बता दें कि क्षेत्र से ही संबंध रखने वाले अधिवक्ता उदयनंद शर्मा इस मामले की हाईकोर्ट में पैरवी कर रहे हैं। हालांकि उनके साथ अन्य अधिवक्ता भी शामिल हैं।
