संजीव महाजन,नूरपूर: पौंग झील में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। ऐसे में प्रदेश सरकार पर्यटकों को आकर्षित करने के लिए पौंग झील में जल क्रीड़ा गतिविधियां शुरू करेगी। राज्य सरकार कांगड़ा ज़िले को प्रदेश का पर्यटन हब बनाने के लिए दृढ़ता से कार्य कर रही हैं ताकि पर्यटन राजधानी के रूप में ज़िले को पहचान दिलवाई जा सके। यह बात ज्वाली विधानसभा की पंचायत खब्बल व बरियाल में
कृषि एवं पशुपालन मंत्री चंद्र कुमार ने सोमवार को जनसभाओं को संबोधित करते हुए कही।
कृषि मंत्री ने कहा कि क्षेत्र के किसानों के खेतों तक पानी पहुंचाने के लिए सुखाहार नहर का लंबित कार्य शीघ्र पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा की कृषि और पशुपालन किसी भी देश की प्रगति के प्रतीक हैं। खेतीबाड़ी और पशुपालन के प्रति जनता की रुचि व आर्थिकी बढ़ाने के लिए ऑर्गेनिक आधुनिक नगदी खेती की ओर प्रेरित किया जाएगा।
इस दौरान चंद्र कुमार ने जनसभा में भाजपा के पूर्व विधायक अर्जुन ठाकुर व विधानसभा चुनाव में प्रत्याशी रहे संजय गुलेरिया पर भी खूब तंज कसे। चंद्र कुमार ने कहा कि ज्वाली हल्के में भाजपा के कार्यकाल में एक तरफ भाजपा का विधायक तो दूसरी तरफ बोर्ड निगम का वाईस चैयरमैन होने के बाबजूद पांच साल में एक ईंट तक नहीं लगवा पाए। चंद्र कुमार ने कहा कि इतना जरूर किया कि बदलियों के नाम पर पैसे खाएं और पेयजल योजनाओं का क्षमता से अधिक पाइपलाइन बिछा कर बेड़ा गर्क कर दिया गया हैं।
उन्होंने संजय गुलेरिया पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा ने एक नया प्रत्याशी खड़ा किया और समाजसेवा के बड़े-बड़े शगूफे भी छोड़े क ज्वाली में वह जीत कर पीजीआई बना देंगे। उन्होंने कहा कि टिफिन व दवाइयां बांटने से समाजसेवा नहीं होती हैं।
