नूरपूर: नाच-गाने के साथ ही मंदिरों ने पूजा,दान के साथ ही भोज का आयोजन तो अक़्सर ही अपने किसी खास के जन्मदिन पर करते है,लेकिन नूरपुर के ज्वाली में एक शख्स ऐसे भी है जिन्होंने अपने पोते का जन्मदिन कुछ अलग ही तरीके से मनाया है। उन्होंने अपने पोते के जन्मदिन पर सवा 400 पौधे लगाकर एक अलग ही मिसाल पेश की है। ज्वाली क्षेत्र के हिमाचल पुलिस से सेवा निवृत सब इंस्पेक्टर हरजीत सिंह ने अपने पोते के जन्मदिन पर यह पौधे लगाकर जहां अपने पोते को प्रकृति से जोड़ने की शुरुआत की है बल्कि दूसरे लोगों को भी पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया है।
हरजीत सिंह ने बताया कि उनके पोते लवजोत का दूसरा जन्मदिन है और पोते के जन्मदिन के उपलक्ष्य पर उन्होंने सवा 400 पेड़ अपनी भूमि पर लगाए हैं और इसकी संख्या बढ़ाकर एक हजार करने का लक्ष्य रखा है जिन्हें शीघ्र पूरा किया जाएगा। रोपे गए पेड़ों में फलदार पौधों के साथ-साथ इमारती लकड़ी के पेड़ लगाए गए है।
उन्होंने कहा कि आज बढ़ते प्रदूषण के चलते पर्यावरण में असंतुलन पैदा हो रहा है और पर्यावरण को शुद्ध रखने के लिए धरती पर अधिक से अधिक पेड़ लगाने होंगे ताकि वातावरण शुद्ध हो। उन्होंने लोगों से भी आग्रह है कि वह अपने व अपनों के जन्मदिन, शादी वर्षगांठ , स्मृति आदि सामाजिक कार्यों में पौधा रोपन अवश्य करें ताकि धरती हरी भरी रहे और हमारा पर्यावरण भी साफ रहे।
