मंडी | 22 सितंबर से देशभर में जीएसटी 2.0 लागू होने जा रहा है। इससे समाज के हर वर्ग को राहत मिलने वाली है। लेकिन इन सुधारों को किस तरह से सही ढंग से लागू करना है, उसकी जानकारी हर वर्ग को होना जरूरी है। इसी बात को ध्यान में रखते हुए हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग द्वारा अपने कर्मचारियों को इस संदर्भ में प्रशिक्षण दिया गया। स्टेट टेक्सिस एंड एक्साइज की असिस्टेंट कमिश्नर पूनम ठाकुर द्वारा जीएसटी सुधारों के बारे में विस्तृत जानकारी दी गई। पूनम ठाकुर ने बताया कि पहले जीएसटी में 5, 12, 18 और 28 प्रतिशत के टेक्स स्लैब थे, लेकिन अब सिर्फ 5 और 18 प्रतिशत वाले स्लैब ही रखे गए हैं। जो लग्जरी प्रॉडक्ट हैं उनके लिए 40 प्रतिशत का स्लैब अलग से बनाया गया है। हालांकि पहले बहुत से सेस भी लगते थे, जोकि अब हटा दिए गए हैं। समाज के हर वर्ग को इससे बड़ी राहत मिलने वाली है। इसकी जानकारी सभी को होना जरूरी है ताकि इनका सही ढंग से पालन हो सके।
हिमाचल प्रदेश जल शक्ति विभाग के स्टेट ट्रेनिंग सेंटर की अधिशाषी अभियंता ई. ललिता कुमारी ने बताया कि प्रदेश भर के 200 कर्मचारियों को यह प्रशिक्षण दिया जा रहा है जिसमें सीनियर असिस्टेंट और सुपरिटेंडेंट स्तर के कर्मचारी शामिल हैं। विभाग के माध्यम से जीएसटी के बदलावों को सही ढंग से लागू किया जाए और कर्मचारियों को इसकी संपूर्ण जानकारी हो, उसी उद्देश्य से सरकार के निर्देशों पर यह ट्रेनिंग दी जा रही है। 23 और 24 सितंबर को भी ट्रेनिंग दी जाएगी।
