बंगाणा | कुटलैहड़ भाजपा मंडल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के उपलक्ष्य में सेवा पखवाड़े पर शनिवार को बंगाणा स्थित श्मशान घाट में साफ-सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने श्रमदान करते हुए परिसर की सफाई की और समाज को संदेश दिया कि स्वच्छता ही सेवा का सर्वोत्तम रूप है। कार्यक्रम की अगुवाई कुटलैहड़ भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधायक दविंदर कुमार भुट्टो ने की।
उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन ने 17 सितम्बर से 2 अक्तूबर तक पूरे देशभर में सेवा पखवाड़ा मनाने का निर्णय लिया है। इस क्रम में कुटलैहड़ भाजपा मंडल ने भी सक्रिय भागीदारी निभाते हुए श्मशान घाट पर सफाई कर जन-जागरूकता अभियान की शुरुआत की है। दविंदर भुट्टो ने कहा कि 17 सितम्बर को देश के यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जन्म दिवस था। भाजपा संगठन ने इसे केवल उत्सव के रूप में न मनाकर सेवा से जोड़ने का निर्णय लिया है।
उन्होंने कहा कि आदरणीय प्रधान मंत्री जी आज न सिर्फ देश बल्कि पूरी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं। उनके नेतृत्व में भारत सौ की स्पीड से प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।पूर्व विधायक ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में आज देश में गरीब और वंचित वर्गों के उत्थान के लिए सैकड़ों योजनाएँ चल रही हैं। उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, पीएम किसान सम्मान निधि, जनधन खाते, स्वच्छ भारत अभियान, हर घर नल योजना जैसे कदमों से आम जनता को सीधा लाभ मिल रहा है। दविंदर भुट्टो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने न केवल विकास की गाथा लिखी है बल्कि देश की सुरक्षा को भी मजबूत किया है। उनके नेतृत्व में भारतीय सेना ने पाकिस्तान जैसे आतंकी देश को घुटनों पर लाकर खड़ा कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार की कूटनीति और सशक्त नेतृत्व के कारण आज भारत विश्व पटल पर सम्मान के साथ खड़ा है और वैश्विक निर्णयों में अहम भूमिका निभा रहा है।
शनिवार को हुए कार्यक्रम में भाजपा कार्यकर्ताओं ने सामूहिक रूप से झाड़ू लगाई, घास-पात हटाए और श्मशान घाट के चारों ओर जमा कचरे को नष्ट किया। इस अवसर पर दविंदर कुमार भुट्टो ने कहा कि स्वच्छता सिर्फ एक अभियान नहीं बल्कि जीवन शैली का हिस्सा होना चाहिए। महात्मा गांधी का सपना स्वच्छ भारत का था और आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उसी सपने को साकार कर रहे हैं। सेवा पखवाड़े के अंतर्गत हमें समाज में जागरूकता फैलाने का प्रयास करना चाहिए कि सफाई केवल सरकार का नहीं, हर नागरिक का दायित्व है। कुटलैहड़ भाजपा मंडल के कार्यकर्ताओं ने भी इस अवसर पर अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि भाजपा हमेशा से सेवा और संगठन की राजनीति करती आई है। पार्टी का मूल मंत्र सेवा ही संगठन है और इसी सोच को धरातल पर उतारने के लिए सेवा पखवाड़ा आयोजित किया गया है।
स्थानीय नेताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का जीवन भी इसी सोच का प्रतीक है। उन्होंने अपना पूरा जीवन राष्ट्र सेवा को समर्पित किया और आज करोड़ों लोगों के लिए प्रेरणा स्रोत बने हुए हैं। कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सुबह से ही भाजपा मंडल बंगाणा के कार्यकर्ता सफाई कार्य में जुट गए थे। युवा मोर्चा और महिला मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। स्थानीय लोगों ने भी भाजपा के इस कदम की सराहना की और कहा कि राजनीतिक दलों को केवल राजनीति तक सीमित न रहकर समाजहित के ऐसे कार्यों में भी सक्रिय रहना चाहिए। बंगाणा श्मशान घाट की साफ-सफाई से शुरू हुआ सेवा पखवाड़ा आने वाले दिनों में और भी व्यापक स्वरूप लेगा। कुटलैहड़ भाजपा मंडल के इस प्रयास ने यह संदेश दिया है कि राजनीति का असली उद्देश्य जनता की सेवा और समाज के उत्थान में योगदान करना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम ने न केवल स्थानीय स्तर पर स्वच्छता और सेवा का संदेश फैलाया, बल्कि यह भी साबित किया कि जनसेवा ही राजनीति की सर्वोच्च परंपरा है।
