अरविंदर सिंह,हमीरपुर (TSN): नगर परिषद हमीरपुर को चार नए मनोनीत पार्षद मिल चुके हैं। मनोनीत किए गए इन पार्षदों को मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने बधाई दी हैं। उन्होंने कहा कि वे शहर के चहुमुखी विकास के लिए मिलकर कार्य करें और प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ आम जनता तक पहुंचाने की दिशा में तत्परता के साथ कार्य करें।
अपने हमीरपुर प्रवास के दौरान सुनील शर्मा बिट्टू से भेंट करने ओर उनका आभार व्यक्त करने पहुंचे मनोनीत पार्षदों निशांत शर्मा, डॉ. हर्ष कालिया, राकेश वर्मा और सुनील ठाकुर के साथ चर्चा के दौरान मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के निर्देशानुसार हमीरपुर शहर के चहुमुखी विकास के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार हमीरपुर के लिए कई बड़े प्रोजेक्ट मंजूर कर रही हैं। कर्मचारी चयन आयोग को भी एक नए स्वरूप में बहाल कर दिया गया हैं।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने मेडिकल कालेज अस्पताल हमीरपुर में अत्याधुनिक मशीनों एवं उपकरणों के लिए विशेष प्रावधान किए हैं, जिससे जिलावासियों को आधुनिक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध होंगी। बस स्टैंड के लिए भी धनराशि का प्रावधान किया गया हैं। इंडोर स्टेडियम और अन्य आधुनिक सुविधाओं की संभावनाएं भी तलाशी जा रही हैं। इससे हमीरपुर शहर के विकास को बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि इन सभी योजनाओं को अमलीजामा पहनाने में मनोनीत पार्षदों की भूमिका भी काफी महत्वपूर्ण रहेगी।
इस अवसर पर चारों पार्षदों ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और सुनील शर्मा बिट्टू का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे प्रदेश सरकार की विभिन्न योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने और शहरवासियों की उम्मीदों पर पूरी तरह खरा उतरने का भरसक प्रयास करेंगे।
