Shimla, Sanju– हिमाचल प्रदेश इस साल भी मानसून की विनाशकारी मार का शिकार हुआ है। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश, बादल फटने और भूस्खलन की घटनाओं ने राज्य में भारी तबाही मचाई है, जिससे अब तक 800 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है।
बोले – “प्रभावित लोगों के पुनर्वास पर रहेगा विशेष जोर”
इस स्थिति को देखते हुए भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने केंद्र सरकार से विशेष आपदा राहत पैकेज की मांग करने का ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के प्रयासों का वे समर्थन करते हैं और इस संकट की घड़ी में पूरी तरह उनके साथ हैं।हर्ष महाजन ने बताया कि आगामी मानसून सत्र में वे संसद में हिमाचल के लिए विशेष राहत पैकेज की मांग को जोरशोर से उठाएंगे। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में हर वर्ष मानसून के दौरान होने वाली तबाही को रोकने के लिए अब दीर्घकालिक और स्थायी समाधान निकाले जाने की जरूरत है।सांसद ने यह भी आश्वासन दिया कि जिन लोगों की जमीनें आपदा में नष्ट हो गई हैं या जो बेघर हो गए हैं, उनके पुनर्वास के लिए भी केंद्र सरकार से विशेष पहल करने की मांग की जाएगी।
