नाहन : देवेंद्र कुमार – रेणुका जी में आज भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव पर रेणुका विकास बोर्ड की ओर से हवन यज्ञ और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डीसी सिरमौर विशेष तौर पर मौजूद रहे। इस मौके पर उन्होंने भगवान परशुराम जी के जन्मोत्सव की सभी को शुभकामनाएं दी।
मीडिया से बात करते हुए रेणुका विकास बोर्ड के अध्यक्ष एवं डीसी सिरमौर रामकुमार गौतम ने कहा कि इस बार भगवान परशुराम जन्मोत्सव को धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव के मौके पर आज भगवान परशुराम मंदिर परिसर में हवन यज्ञ किया गया जिसमें क्षेत्र की सुख शांति के लिए कामना की गई। हवन यज्ञ के बाद यहां श्रद्धालुओं के लिए भंडारे का भी आयोजन किया गया जिसमें दूरदराज क्षेत्र से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों ने प्रसाद ग्रहण कर भगवान परशुराम का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि इस भंडारे में स्वयं सहायता समूह द्वारा तैयार की गई पतलों का इस्तेमाल किया गया ताकि पर्यावरण को किसी प्रकार का नुकसान न पहुंचे।
रामकुमार गौतम ने कहा कि तीर्थ के विकास के लिए जिला प्रशासन द्वारा हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में केवल स्वच्छता को लेकर 20 लाख रुपए की लागत से बायो टॉयलेट का निर्माण किया गया है। जिन्हें जल्द ही पानी के कनेक्शन लगने के बाद उचित स्थानों पर लगवा दिया जाएगा। ताकि आने वाले श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना ना करना पड़े।
