मंडी : धर्मवीर – मंडी शहर के साथ लगते कांगणीधार में बनाए जा रहे शिवधाम के पास आइआइटी के सहयोग से इंडियन नॉलेज सेंटर का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए आइआइटी ने 150 करोड़ देने की हामी भर दी है और सेंटर के लिए अतिरिक्त जमीन उपलब्ध करवाने के लिए वन विभाग से मंजूरी ली जा रही है। यह जानकारी मंडी सदर से भाजपा के विधायक अनिल शर्मा ने आज एक पत्रकार वार्ता में दी।
अनिल शर्मा ने बताया कि इंडियन नॉलेज सेंटर के लिए आइआइटी के पास 300 करोड़ की राशि आई है। कुछ दिन पहले आइआइटी के डायरेक्टर और डीसी मंडी उनके पास इसके निर्माण के लिए स्थान चयन को लेकर आए थे, जिन्हें शिवधाम के पास इसे बनाने का सुझाव दिया गया है। वहां पर अतिरिक्त भूमि के लिए वन विभाग के पास आवेदन किया जाएगा। अनिल शर्मा ने बताया कि पूर्व की भाजपा सरकार में शुरू हुए शिवधाम प्रोजेक्ट का कार्य मौजूदा समय में बंद पड़ा हुआ है। जो कंपनी इस कार्य को कर रही थी उसे ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इस कंपनी ने अब इन्हें संपर्क साधकर दोबारा से इस कार्य को उसी रेट पर करने की हामी भरी है। इस संदर्भ में वे जल्द ही सीएम सुखविंदर सिंह सुक्खू से बात करेंगे। वहीं, सीएम ने एडीबी के तहत इसके लिए 130 करोड़ की राशि देने की हामी भी भर दी है।
