सोलन (योगेश शर्मा): सोलन जिला में टीबी उन्मूलन को लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा आज से 2 अक्टूबर तक एक अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर टीबी के शक के दायरे में आने वाले लोगों के टेस्ट लेकर उनकी जांच करेगी। इसको लेकर स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिला में बनाई गई टीमों को प्रशिक्षण भी दिया जा चुका है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य विभाग सोलन डॉ अजय सिंह ने बताया कि टीबी उन्मूलन को लेकर हिमाचल सरकार द्वारा 12 सितंबर से 2 अक्टूबर तक घर-घर जाकर टीबी के शक के दायरे में आने वाले लोगों के टेस्ट लिए जाएंगे ताकि टीबी के मरीजों की संख्या को कम किया जा सके। डॉ अजय सिंह ने बताया कि इस अभियान को लेकर जिले में 200 टीमें बनाई गई है जिसमें मेजर और माइनर टीमों का गठन किया गया है।
उन्होंने कहा कि हर टीम में दो दो सदस्य शामिल किए गए हैं। जिसमें आशा वर्कर,आंगनवाड़ी वर्कर और नर्सिंग स्टूडेंट्स शामिल हैं। उन्होंने कहा कि टीबी की रोकथाम को लेकर इससे पहले भी स्वास्थ्य विभाग द्वारा जागरूकता शिविर जिले में आयोजित किए गए हैं। लेकिन अब इस अभियान के माध्यम से घर-घर में स्वास्थ्य विभाग की टीम दस्तक देगी और पता लगाएगी कि कितने मरीज जिला में टीबी के शक के दायरे में आते हैं। वहीं उनके सैंपल लेकर इनकी जांच भी की जाएगी।
