विकास शर्मा, चिंतपूर्णी: प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल मंगलवार को मां चिंतपूर्णी के दरबार पहुंचे। यहां पहुंच कर उन्होंने माता रानी के दर्शन करने के साथ ही पूजा अर्चना भी की। इस मौके पर चिंतपूर्णी मंदिर के पुजारी रोहित कालिया ने विधिवत रूप से वैदिक मंत्रों का उच्चारण कर पूजा-अर्चना करवाई और मां के दरबार में हाजिरी लगवाई। माता की पावन पिंडी के दर्शन करने के बाद उन्होंने मंदिर में स्थित पावन वटवृक्ष को मोली धागा बांधा और हवन कुंड में आहुतियां डाली।
मंदिर अधिकारी बलवंत सिंह ने माता की चुनरी और फोटो देकर स्वास्थ्य मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल को सम्मानित किया। इस मौके पर पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा मां के दरबार में माथा टेकने का मन था। माता ने पुकार सुनी और आज मां के दरबार में हाजिरी भरी और उनका आशीर्वाद लिया हैं।
पत्रकारों की ओर से ओल्ड पेंशन स्कीम का भाजपा की ओर से स्वागत ना करने के बारे में पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा की कांग्रेस के घोषणा पत्र में ओल्ड पेंशन स्कीम कर्मचारियों को देने की घोषणा की थी। प्रदेश के कर्मचारियों का प्रदेश के विकास में बहुमूल्य योगदान हैं, इस लिए प्रदेश की कांग्रेस सरकार ने पहली कैबिनेट में कर्मचारियों को ओल्ड पेंशन का स्कीम का तोहफा दिया हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा के लोगों को भी इसका स्वागत करना चाहिए क्योंकि कर्मचारियों के सहयोग के बिना प्रदेश का विकास संभव नहीं हैं।
इसके अलावा उन्होंने कहा प्रदेश के स्वास्थ्य कर्मियों ने कोरोना काल में बेहतर काम किया है प्रदेश के जिन क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी हैं,सरकार वहां पर स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोतरी करने पर जोर देगी।
