सोलन :योगेश शर्मा (TSN)-स्वास्थ्य मंत्री कर्नल डॉ. धनीराम शांडिल ने आज सोलन ज़िला की ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा के गांव ओयली और ग्राम पंचायत मशीवर में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याओं को सुना ।डॉ. शांडिल ने कहा कि गांव की समस्याओं को नज़दीक से देखने व उनके समाधान के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आरम्भ किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के प्रत्येक व्यक्ति तक कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है और इस लक्ष्य की प्राप्ति में सरकार आपके द्वार कार्यक्रम मील का पत्थर सिद्ध होगा।
डॉ. शांडिल ने ओयली में खेल मैदान के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए, गांव ओयली में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 1.50 लाख रुपए, महिला मण्डल ओयली को बर्तन इत्यादि क्रय करने के लिए 25 हजार रुपए और महिला मण्डल बस्सी ओयली को 25 हजार रुपए प्रदान करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत मशीवर की समस्याओं का चरणबद्ध रूप से समाधान किया जाएगा। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि हर समस्या का यथोचित समाधान होगा और क्षेत्र की जायज़ मांगों को पूरा किया जाएगा। उन्होंने ग्राम पंचायत सेर बनेड़ा में बेटी जन्मोत्सव कार्यक्रम के तहत बेटियों को सम्मानित किया और गोद भराई व अन्न प्राशन संस्कार पूर्ण करवाया।स्वास्थ्य मंत्री ने इस अवसर पर लोगों की समस्याएं सुनी और सम्बन्धित अधिकारियों को इनके जल्द निपटारे के निर्देश दिए।
