सोलन :योगेश शर्मा – देशभर में आज 77 वे स्वतंत्रता दिवस को लेकर विभिन्न समारोह आयोजित किए जा रहे हैं । सोलन में भी आज जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह आयोजित किया गया,लेकिन हिमाचल प्रदेश में बारिश के कारण आई आपदा को देखते हुए इस बार कोई भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रदेश भर में आयोजित नहीं किए जा रहे हैं।
सोलन में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री और सोलन विधानसभा क्षेत्र के विधायक धनीराम शांडिल ने जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के अध्यक्षता की उनके साथ इस कार्यक्रम में अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक व सीपीएस संजय अवस्थी भी मौजूद रहे। सबसे पहले स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने शहर में स्थित शहीद स्मारक पर जाकर सोलन और प्रदेश वासियों की ओर से देश के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले शहीदों को सलाम किया। उसके बाद ठोडो ग्राउंड पहुंचे, जहां उन्होंने परेड की सलामी ली । इस दौरान उन्होंने देश के लिए अपने जीवन का बलिदान देने वाले शहीदों को याद किया और हिमाचल प्रदेश में आई त्रासदी को लेकर भी दुख व्यक्त किया। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि आज भले ही हम स्वतंत्रता दिवस मना रहे हैं,लेकिन हिमाचल में बारिश से आई आपदा को लेकर किसी भी तरह का सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित नहीं किया जा रहा है । उन्होंने कहा कि सरकार हर प्रयास कर रही है कि प्रभावित परिवारों तक हर संभव सहायता पहुंचाई जाए और रेस्क्यू ऑपरेशन भी लगातार चला हुआ है। उन्होंने कहा कि बारिश के कारण लोगों ने अपने घर खेत खलियान और परिवारों को खोया है । ऐसे में इस क्षति को तो पूरा नहीं किया जा सकता है लेकिन सरकार फिर भी हर संभव सहायता प्रभावित परिवारों तक पहुंचाने का प्रयास कर रही है ।
