सोलन :योगेश शर्मा – हिमाचल प्रदेश में पिछले दिनों हुई मूसलाधार बारिश की वजह से अभी तक प्रदेश में जनजीवन बुरी तरह से प्रभावित है। कई मुख्य मार्ग बंद है तो गांव को जोड़ने वाले सम्पर्क मार्गो का बादल फटने या भूस्खलन होने की वजह से बुरा हाल हुआ है। कालका शिमला एनएच पांच भी इस दौरान हुई बारिश से बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
वीरवार को प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने भी सोलन में एनएच पर गिरे मलबे और डंगे के गिरने का जायजा लिया क्योंकि इस दौरान ग्रामीणों के कई सम्पर्क मार्ग बंद हो गए है। स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल ने कहा कि फोरलेन की बेतरतीब कटिंग की वजह से आज कई सम्पर्क मार्ग बंद है और कई भवनों को नुकसान पहुंचा है। शांडिल ने कहा कि ऐसा देखने मे आया है कि बेहतर तरीके से फोरलेन का निर्माण नही हुआ है ,हर जगह पर ग्रामीण फोरलेन निर्माण कर रही कम्पनी पर सवाल उठा रहे है।
