Hamirpur, Arvind-हमीरपुर जिले में लगातार हो रही बारिश ने तबाही मचा दी है। जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए) के जिला आपातकालीन संचालन केंद्र से मंगलवार दोपहर तक मिली जानकारी के अनुसार, बीते 24 घंटों के दौरान सार्वजनिक और निजी संपत्तियों को मिलाकर करीब 7.20 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है।
इस अवधि में चार कच्चे मकान और 24 गौशालाएं पूरी तरह ढह गईं, जबकि 18 कच्चे और एक पक्का मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस तरह इस बरसात के मौसम में जिले में अब तक कुल नुकसान का आंकड़ा 191 करोड़ रुपये से ऊपर पहुँच गया है।विभागवार नुकसान के अनुसार, जलशक्ति विभाग को 93.64 करोड़ रुपये, लोक निर्माण विभाग को 88.13 करोड़ रुपये, बिजली बोर्ड को 1.67 करोड़ रुपये, शिक्षा विभाग को 1.83 करोड़ रुपये, स्वास्थ्य विभाग को लगभग 1.5 लाख रुपये, मत्स्य पालन विभाग को 55 हजार रुपये, बागवानी विभाग को 18.06 लाख रुपये और कृषि विभाग को 1.15 लाख रुपये का नुकसान हुआ है।
अब तक जिले में 46 कच्चे मकान और 4 पक्के मकान पूरी तरह से जमींदोज हो चुके हैं, जबकि 263 कच्चे और 18 पक्के मकान आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त हुए हैं। इस वजह से लगभग 3.09 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हुआ है। इसके अलावा, 35 भवन क्षति के चलते लगभग 13 लाख रुपये का नुक़सान झेल चुके हैं। जिले भर में 124 डंगे गिरने से 1.10 करोड़ रुपये, और 337 गौशालाओं के ढहने से करीब 1.55 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है।खराब मौसम को देखते हुए उपायुक्त एवं डीडीएमए अध्यक्ष अमरजीत सिंह ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने कहा कि सभी लोग नदी-नालों और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों से दूर रहें। भारी बारिश के दौरान घर से बाहर निकलने से बचें, पेड़ों के नीचे खड़े न हों और बिजली की तारों से सुरक्षित दूरी बनाए रखें।
