संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश में बारिश से 2 दिनों तक फिलहाल राहत मिलने वाली हैं। मौसम विभाग ने आगामी 2 दिन तक कुछ एक क्षेत्रों में ही बारिश होने की संभावना जताई है लेकिन 14 जुलाई से फिर से मौसम अपने कड़े तेवर दिखाने वाला हैं। विभाग की ओर से 14 जुलाई को फिर से कई हिस्सों में भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया हैं। ऐसे में फिर से कई हिस्सों में बारिश कहर बरसा सकती हैं। बुधवार को हालांकि प्रदेश के कई हिस्सों में मौसम साफ रहा। मौसम विभाग की ओर से 14 से 18 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहने की आशंका जताई गई हैं।
मौसम विभाग के निदेशक सुरेंद्र पाल का कहना है कि प्रदेश में बीते 24 घंटों के दौरान कुछ एक क्षेत्रों में ही बारिश हुई है जबकि आगामी दो दिनों तक प्रदेश में बारिश से राहत मिलेगी। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में ही बारिश होने की संभावना है जबकि 14 जुलाई से फिर से मानसून सक्रिय हो जाएगा और प्रदेश के कई हिस्सों में फिर से बारिश का दौर शुरू हो जाएगा।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों हुई बारिश के चलते 8 जिलों में रिकॉर्ड तोड़ बारिश हुई हैं। इसमें सोलन, सिरमौर, शिमला, बिलासपुर, कांगड़ा, हमीरपुर और ऊना जिला शामिल हैं, जहां पर जुलाई महीने में रिकॉर्ड ब्रेकिंग बारिश हुई हैं। इससे पहले इस तरह की बारिश देखने को नहीं मिली हैं। यही नहीं किन्नौर और लाहौल स्पीति में जहां मानसून में काफी कम बारिश होती थी इन 2 जिलों में भी इस बार जमकर बारिश हुई है ओर लाहौल स्पिति में बर्फबारी भी हुई हैं।
प्रदेश में मानसून में हुई बारिश के चलते नदी नालों में भी पानी का स्तर काफी ज्यादा बढ़ गया है जिससे मंडी, कुल्लू में काफी नुकसान भी हुआ हैं। उन्होंने कहा कि 2 दिन बारिश से राहत मिलने से नदियों के जलस्तर में भी कमी आएगी और मौसम साफ रहने से कुल्लू, लाहौल स्पीति,मंडी में फंसे लोगों को निकालने में भी आसानी होगी लेकिन 14 जुलाई से फिर से बारिश का दौर शुरू होने वाला हैं।
