नूरपूर (संजीव महाजन): देवभूमि हिमाचल में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। हर तरफ बारिश का कहर देखने को मिल रहा है। रात से जारी भारी बारिश से प्रदेश के मंडी, चंबा, कांगड़ा, शिमला व अन्य जिलों में व्यापक नुकसान हुआ है। कई लोगों के मरने की आशंका है। बता दें कि कांगड़ा के भनाला की गोरडा (शाहपुर) में एक मकान गिर गया, जिसकी जद में आने से 12 साल के बच्चे की जान चली गई।

चंबा: घर मे घुसा मलबा, दंपति सहित बेटे की मौत
चंबा (मंजूर पठान): चंबा के भटियात क्षेत्र की बनेट पंचायत के जुलाडा वार्ड नंबर एक में बारिश ने तबाही मचाई है। देर रात दो बजे मलबे में दबे पति-पत्नी और बेटे के शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल चुवाड़ी भेज दिया गया है। डीएसपी विशाल वर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।

कांगड़ा-जोगेंद्रनगर को जोड़ने वाला चक्की पुल गिरा
हिमाचल में पठानकोट से कांगड़ा-जोगेंद्रनगर को जोड़ने वाला एकमात्र रेलवे पुल क्षतिग्रस्त हो गया है। हालांकि, जिला प्रशासन ने पहले ही आवाजाही बंद करवा दी। वहीं मौसम विभाग ने बारिश को लेकर पहले ही हाई अलर्ट जारी कर दिया है और लोगों को चेतावनी जारी की है कि वह नदी-नालों के पास ना जाएं।

