कुल्लू : मनमिंदर अरोड़ा -जिला कुल्लू में बीते दिन से हो रही भारी बारिश के चलते ब्यास नदी में बाढ़ आ गई है। तो वहीं कई जगह पर भारी नुकसान भी हुआ है। जिला कुल्लू के मुख्यालय लंका बेकर में भी रात के समय भारी बारिश के चलते एक छोटा मकान ढह गया। वहीं मकान में एक बुजुर्ग और एक महिला सो रहे थे। बुजुर्ग को बाहर निकाल लिया गया है । वहीं टीम के द्वारा मलबे में अब महिला की तलाश की जा रही है। इसके अलावा अखाड़ा बाजार में पार्किंग की दीवार भी ढह गई। जिसके चलते यहां पर पार्क किए गए तीन वाहन भी ब्यास नदी में बह गए।
पलम निकालने छरुडू में आए 3 लोग फंसे
वही रामशिला के साथ लगते छरूडू में भी एक बगीचे में 3 लोग फंस गए हैं। तीनों लोग यहां पर पलम निकालने का काम करने आए थे और रात के समय अचानक व्यास नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिसके चलते बगीचे के दोनों और पानी बह रहा है। ऐसे में अब रेस्क्यू टीम सुरक्षा कार्य में जुट गई है। वही, पर ही नदी किनारे राजस्थान के रहने वाले 20 प्रवासी परिवार भी ब्यास नदी के पानी में फंस गए थे। जिन्हें ट्रक की मदद से अब बाहर निकाल लिया गया है। ऐसे में भारी बारिश के चलते जिला कुल्लू में नदी नाले उफान पर है। सैंज घाटी की अगर बात करें तो यहां पर भी भारी बारिश के चलते सड़क वाहनों की आवाजाही के लिए अवरुद्ध हो गई है। ऐसे में जिला प्रशासन भी लगातार भारी बारिश पर नजर बनाए रखे हुए हैं।
मनाली से अटल टनल की और भी वाहनों की आवाजाही हुई बंद
उपायुक्त कुल्लू आशुतोष गर्ग ने बताया कि भारी वर्षा के कारण कुल्लू मनाली मार्ग पर कई स्थानों पर पत्थर गिरने व रामशिला के निकट व्यास नदी में पानी का स्तर बढ़ जाने के कारण कुल्लू- मनाली व मनाली से अटल टनल व रोहतांग की तरफ वाहनों की आवाजाही पूरी तरह रोक दी गई है ।उन्होंने बताया कि इसी प्रकार व्यास नदी के बाएं तरफ वाया सांगरी बाग से नग्गर मनाली मार्ग पर भी केवल आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बन्द कर दी गईं।उन्होंने कहा कि मंडी – कुल्लू मार्ग पर जगह जगह भूस्खलन व पत्थरों के गिरने के कारण केवल आपातकालीन वाहनों को छोड़कर सभी प्रकार के वाहनों की आवाजाही बंद कर दी गई हैं। उपायुक्त ने सभी लोगों व पर्यटकों से आग्रह किया है कि वे मौसम साफ होने तक जहां भी रुके है, वहीं सुरक्षित रहे और अनावश्यक यात्रा से बचे।
सभी शिक्षण संस्थानों में 10 व 11 जुलाई को अवकाश घोषित
जिले में भारी वर्षा के दृष्टिगत 10 व 11 जुलाई को सभी शिक्षण संस्थान बंद रहेंगे । इस बारे में सरकारी अधिसूचना जारी की गई है । गत शनिवार प्रातः से ही जिले में लगातार बारिश हो रही है, जिसके कारण अधिकतर संपर्क मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं और मौसम विभाग द्वारा भी रेड अलर्ट जारी किया गया है। इसी के मध्यनजर जिले के सभी शिक्षण संस्थानो, सरकारी और प्राइवेट स्कूलो ,महाविद्यालयो व आईटीआई में 10 व 11जुलाई को अवकाश रहेगा ।
