मंडी : धर्मवीर – मंडी जिला की निहरी तहसील के हाड़ाबोई गांव में भारी बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार शाम शाम को क्षेत्र में भारी बारिश हुई। इस बारिश के कारण यहां से होकर बहने वाली खड्ड में बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश का भयानक मंजर देखकर खड्ड किनारे रह रहे लोगों ने सुरक्षित स्थानों पर भागकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में दोगरी, हाड़ाबोई और करला गांव के लोगों की कुछ जमीन भी बाढ़ के पानी में बह गई है।
बताया जा रहा है कि दो गाड़ियां और एक गौशाला भी भारी बारिश की चपेट में आई हैं। एक गाय की मौ+त की सूचना भी मिली है। जानकारी देते हुए ग्राम पंचायत धनयारा की प्रधान मीरा देवी ने बताया कि मंगलवार शाम करीब साढ़े 5 बजे के आसपास क्षेत्र में भारी बारिश से काफी ज्यादा नुकसान हुआ है। लोगों की जमीन बाढ़ में बह गई है और 2 गाड़ियों सहित 3 रेहड़िया भी बह गई हैं। क्षेत्र के सभी संपर्क मार्ग भी टूट गए हैं। उन्होंने बताया कि नुकसान का आंकलन सुबह होते ही किया जाएगा। वहीं मामले पर खंड विकास अधिकारी सुंदरनगर विवेक चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत धनयारा में हुए नुकसान को लेकर स्थिति नियंत्रण में है। क्षेत्र में हुए नुकसान का आंकलन राजस्व विभाग के अधिकारियों द्वारा किया जा रहा है।
