चंबा | हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भारी बारिश ने तबाही मचा दी है। चंबा-भरमौर मार्ग पूरी तरह प्रभावित हो गया है, जिससे क्षेत्र में आवाजाही और संपर्क व्यवस्था बुरी तरह बाधित है। बारिश के कारण जगह-जगह सड़कें टूट गई हैं और भूस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। मोबाइल नेटवर्क बहाल होने के बाद इलाके से भयावह तस्वीरें सामने आने लगी हैं, जो आपदा की गंभीरता को दर्शाती हैं।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 अगस्त को चंबा में 24 घंटे के भीतर 99.6 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई, जो सामान्य से 1,789 प्रतिशत अधिक है। वहीं, पिछले एक हफ्ते में जिले में 202.3 मिलीमीटर वर्षा हुई है, जो सामान्य से 319 प्रतिशत ज्यादा है।
लगातार हो रही बारिश से हालात और बिगड़ रहे हैं, जबकि राहत एवं बचाव कार्यों को लेकर लोगों में नाराज़गी भी बढ़ रही है। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि प्रभावित इलाकों में संपर्क बहाली और राहत पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
