संजीव महाजन,नूरपूर: नूरपुर ब्लॉक की पंचायत कमनाला से संबंधित भारतीय सेना की मैकनाईजड इनफेक्टरी राष्ट्रीय राइफल्स के नायक मनोहर लाल, पुत्र देवराज सेना मेडल मिलने के बाद अपने पैतृक गांव कमनाला में पहुंचने पर क्षेत्र के लोगों ने विभिन्न स्थानों पर उनका भव्य स्वागत किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने व्यापारिक कस्बा ज़सूर में ढोल नगाड़ो और फूल मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। इस मौके पर भारत माता की जय और भारतीय सेना जिंदाबाद के नारों से क्षेत्र गूंज उठा।
नायक मनोहर ने बताया कि वह 2010 में सेना में भर्ती हुए थे। उन्होंने 9 अप्रैल 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में कमांडिंग ऑफिसर रिएक्शन टीम के स्काउट के रूप में ऑपरेशन का साथी होते हुए अपने एक साथी जवान के साथ मिलकर दो आतंकवादियों को विपरीत परिस्थितियों में मार गिराया था, जिसके चलते उन्हें सेना मेडल देकर सम्मानित किया गया हैं। मनोहर का छोटा भाई मोहनलाल भी भारतीय सेना में सेवाएं दे रहे हैं। पिता देवराज मिस्त्री का काम करते हैं तो माता संदेश देवी गृहणी हैं।
श्री गुरु रविदास महासभा नूरपुर के प्रधान हरबंस ने कहा कि नायक मनोहर लाल ने अदम्य साहस और बहादुरी का परिचय देते हुए देश के दुश्मनों को परास्त किया हैं। यह क्षेत्र के युवाओं के लिए प्ररेणा का स्रोत हैं। नायक मनोहर लाल ने अपने माता-पिता,गांव के साथ अपने क्षेत्र का नाम भी रोशन किया हैं। इसके लिए हम उन्हें बधाई देते हैं।
