Shimla, Sanju (TSN)-हिमाचल प्रदेश के ग्रामीण सीनियर सेकेंडरी स्कूलों को ब्रॉडबैंड इंटरनेट से जोड़ने के लिए समग्र शिक्षा अभियान और भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) के बीच एक अहम समझौता हुआ है। इस एमओयू के तहत राज्य के 2809 स्कूलों को फाइबर टू द होम (FTTH) तकनीक के माध्यम से हाई-स्पीड इंटरनेट कनेक्टिविटी प्रदान की जाएगी।
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर ने इसे स्कूली शिक्षा में तकनीकी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है।उन्होंने कहा कि इस कनेक्टिविटी से स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और डिजिटल लर्निंग जैसे नवाचारों को नई गति मिलेगी। साथ ही मुख्यमंत्री द्वारा लागू की गई उपस्थिति मॉनिटरिंग प्रणाली को भी मजबूती मिलेगी। वर्तमान में लगभग 1000 स्कूल पहले से ही इंटरनेट से जुड़े हुए हैं।इसके साथ ही, शिक्षा मंत्री ने हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणामों में आई गड़बड़ियों की जांच के आदेश दिए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी कर्मचारी या अधिकारी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
छात्र के साथ हुई पिटाई मामले पर कहा ये
सिरमौर जिले में एक छात्र के साथ हुई पिटाई की घटना पर भी मंत्री ने संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें इस मामले की जानकारी मिली है और नियमानुसार संबंधित अध्यापक पर कार्रवाई की जाएगी।
