शिमला (एकता): हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव के नतीजों में इस बार सत्ता की चाबी कांग्रेस के हाथ लगी। 68 विधानसभा सीटों वाले हिमाचल में कांग्रेस ने 37 सीटों पर जीत हासिल की है। हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनावों में एक बार फिर राज बदला। अंत में जनता ने रिवाज नहीं बदलने का फैसला लिया। लेकिन इस चुनाव में ऐसे कई कारण रहे, जिनकी वजह से कांग्रेस सत्ता वापसी की तैयारी में है। ऐसे में अब सियासी गलियारों में चर्चाएं जोर पकड़ने लगी हैं कि हिमाचल प्रदेश कांग्रेस का मुख्यमंत्री चेहरा कौन होगा।
हिमाचल में कांग्रेस से मुख्यमंत्री पद के कई दावेदार बताए जा रहे हैं। इनमें सबसे ऊपर प्रदेश कांग्रेस प्रचार समिति के प्रमुख व पूर्व प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू और सांसद प्रतिभा सिंह का नाम चल रहा है। माना जा रहा है कि अगर इन दोनों के नाम पर सहमति नहीं बनती तो पूर्व प्रदेश अध्यक्ष कुलदीप राठौर, कांगड़ा से पूर्व सांसद चंद्र कुमार व नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की दावेदारी पर भी विचार किया जा सकता है। मुख्यमंत्री पद को लेकर अंतिम फैसला हाईकमान करेगा।
