अरविंदर सिंह, हमीरपुर: प्रदेश विधानसभा चुनावों में नादौन विधानसभा सीट पर कांग्रेस प्रत्याशी सुखविंदर सिंह सुक्खू ने जीत दर्ज की है। अपनी जीत के बाद सुखविंदर सिंह सुक्खू ने मीडिया से रू-ब-रू होते हुए जहां नादौन की जनता का आभार व्यक्त किया, तो वहीं उन्होंने कांग्रेस की जीत को लेकर कहा कि वह काफी दिन पहले से ही यह कहते आ रहे थे कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार पूर्ण बहुमत के साथ बनेगी। जनता का धन्यवाद करते हुए उन्होंने कहा कि जनता ने कांग्रेस को पूर्ण बहुमत से अधिक सीटों पर विजयी बनाया है जिसके लिए कांग्रेस जनता का आभार जताती हैं।
सुक्खू ने कांग्रेस की जीत का श्रेय कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी को दिया। उन्होंने प्रियंका गांधी का धन्यवाद करते हुए कहा कि प्रियंका गांधी की सोलन रैली से जो माहौल बना और प्रियंका गांधी की रणनीति सफल हुई जिसके चलते कांग्रेस को यह जीत हासिल हुई है। उन्होंने कहा कि यह प्रियंका गांधी की रणनीति का ही असर है कि प्रदेश की जनता ने आज भाजपा जैसी भ्रष्ट पार्टी, रोजगार ना देने वाली पार्टी को प्रदेश की सत्ता से उखाड़ बाहर फेंका है।
सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि प्रदेश में रिवाज बदला है। हम सत्ता सत्ता वापसी के लिए नहीं चाहते इसलिए चाहते हैं कि व्यवस्था में परिवर्तन हो। उन्होंने सभी युवाओं,महिलाओं, मजदूर वर्ग, किसान वर्ग का धन्यवाद किया। वहीं उन्होंने बीजेपी को लेकर एक बड़ा बयान भी दिया उन्होंने कहा कि इस चुनाव के बाद बीजेपी भी दो फाड़ हो सकती है ओर बीजेपी के सरकार बनाने के मंसूबों पर पानी फिर चुका है।
