Shimla,Sanju–हिमाचल प्रदेश मंत्रिमंडल ने शुक्रवार को कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए, जिनका सीधा लाभ आम जनता और कर्मचारियों को मिलेगा। पशुपालन विभाग में 500 नए पशु मित्रों की भर्ती को हरी झंडी दी गई है। इन पशु मित्रों को प्रतिमाह ₹5000 मानदेय मिलेगा।इसके अलावा लोक निर्माण विभाग में कार्यरत मल्टी टास्क वर्करों के मानदेय में ₹500 की बढ़ोतरी की गई है। अब हर पंचायत स्तर पर आपदा प्रबंधन यूनिट स्थापित की जाएगी ताकि प्राकृतिक आपदाओं के समय त्वरित राहत पहुंचाई जा सके।
राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि HPTDC (हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम) के एमडी कार्यालय को धर्मशाला स्थानांतरित किया जाएगा। हालांकि, आउटसोर्स कर्मचारियों को स्थानांतरित नहीं किया जाएगा।
दुग्ध उत्पादकों को राहत
मंत्रिमंडल ने राज्य में दुग्ध प्रोत्साहन योजना लागू करने की मंजूरी दी है। इसके तहत पात्र गैर-सरकारी डेयरी सहकारी समितियों को दूध देने वाले किसानों को ₹2500 प्रतिमाह अनुदान मिलेगा। साथ ही, दूध उत्पादकों को DBT माध्यम से ₹3 प्रति लीटर की दर से अतिरिक्त सहायता दी जाएगी।
पुलिस और ऊर्जा क्षेत्र में भी फैसले
देहरा जिला पुलिस लाइन में 101 नए पदों का सृजन और भरने का फैसला भी किया गया है। सौर ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए जनजातीय क्षेत्रों में 100 किलोवाट से 1 मेगावाट तक की परियोजनाओं पर 5% और गैर-जनजातीय क्षेत्रों में 250 किलोवाट से 2 मेगावाट तक की परियोजनाओं पर 4% ब्याज अनुदान दिया जाएगा।
भारी बारिश से बड़ा नुकसान
राज्य में हाल ही की भारी बारिश और प्राकृतिक आपदाओं के कारण अब तक ₹300 करोड़ का नुकसान हो चुका है और 17 लोगों की जान जा चुकी है। वर्तमान में 37 सड़कें अब भी यातायात के लिए बंद हैं।
