संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस महानिदेशक संजय कुंडू की निष्पक्षता पर सवाल हिमाचल कांग्रेस की ओर से खड़े किए गए हैं। इसे लेकर कांग्रेस पार्टी ने संजय कुंडू के खिलाफ चुनाव आयोग में शिकायत दर्ज करवाई है। कांग्रेस लीगल सेल के इलेक्शन कोऑर्डिनेटर प्रशांत शर्मा ने अपनी शिकायत में संजय कुंडू की निष्पक्षता पर सवाल खड़े किए हैं। हिमाचल कांग्रेस की ओर से शिकायत में कहा गया है कि बीजेपी में संजय कुंडू इससे पहले सितंबर 2019 से मई 2020 तक मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के प्रिंसिपल सेक्रेटरी रहे हैं, ऐसे में उनकी मुख्यमंत्री के साथ काफी नजदीकियां है। साथ ही पेपर लीक मामले में भी कांग्रेस पार्टी ने संजय कुंडू की भूमिका पर सवाल खड़े किए हैं। कांग्रेस पार्टी की मांग है कि संजय कुंडू को ट्रांसफर कर प्रदेश से बाहर भेजा जाना चाहिए.
गुरुवार शाम शिमला में पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए हिमाचल कांग्रेस लीगल सेल के इलेक्शन कोऑर्डिनेटर प्रशांत शर्मा ने कहा कि संजय कुंडू हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव को प्रभावित कर सकते है। उनकी मुख्यमंत्री से नजदीकियों की वजह से कांग्रेस पार्टी को यह संशय है कि वह प्रदेश में लोगों के मतदान को प्रभावित करेंगे।साथ ही पुलिस भर्ती पेपर लीक मामले में उनकी संलिप्तता का अंदेशा होने की वजह से भी चुनाव पर असर पड़ सकता हैं। ऐसे में उन्होंने चुनाव आयोग से मांग की है कि रिप्रेजेंटेशन आफ पीपल्स एक्ट, 1951 के सेक्शन 28 ए के तहत चुनाव आयोग कार्रवाई करते हुए संजय कुंडू को प्रदेश से बाहर ट्रांसफर करे.
