Shimla, Sanju-:शिमला में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम की औपचारिक शुरुआत की। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने की। इस मौके पर AICC प्रवक्ता, नेशनल टैलेंट हंट की नोडल कोऑर्डिनेटर एवं हिमाचल प्रभारी चित्रा बाथम भी विशेष रूप से मौजूद रहीं। कांग्रेस पार्टी द्वारा शुरू किए गए इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को पार्टी की विचारधारा से जोड़ते हुए उन्हें प्रवक्ता और मीडिया पैनलिस्ट के रूप में आगे लाना है।
कार्यक्रम के दौरान एक क्यूआर कोड भी जारी किया गया, जिसके माध्यम से इच्छुक युवा ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। चयन प्रक्रिया के तहत पैनल डिस्कशन और स्क्रूटनी टेस्ट आयोजित किए जाएंगे। सफल प्रतिभागियों को कांग्रेस पार्टी के मीडिया पैनलिस्ट और पार्टी प्रवक्ता के रूप में काम करने का अवसर मिलेगा।इस अवसर पर कांग्रेस विधायक भवानी सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश में बड़ी संख्या में ऐसे युवा हैं जो कांग्रेस की विचारधारा से प्रभावित हैं और सक्रिय भूमिका निभाना चाहते हैं। नेशनल टैलेंट हंट कार्यक्रम ऐसे युवाओं को मंच प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि यह पहल युवाओं को राजनीति और संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
वहीं संगठनात्मक नियुक्तियों को लेकर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा कि पार्टी संगठन को मजबूत करने के लिए जल्द ही जिला अध्यक्षों सहित अन्य पदों पर नियुक्तियां की जाएंगी। उन्होंने संकेत दिए कि नए साल से पहले, आगामी 8 से 10 दिनों के भीतर इन नियुक्तियों की प्रक्रिया पूरी कर ली जाएगी।कार्यक्रम को संबोधित करते हुए AICC प्रवक्ता चित्रा बाथम ने कहा कि देश में वर्ष 2014 से सांप्रदायिक ताकतों का शासन है। इसके खिलाफ कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा और भारत जोड़ो न्याय यात्रा के माध्यम से देश को जोड़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की विचारधारा समाज को जोड़ने और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की विचारधारा है, और नेशनल टैलेंट हंट इसी सोच को आगे बढ़ाने की एक पहल है।
