Hamirpur, Arvind-:डाक सेवाओं को आधुनिक स्वरूप देने और युवाओं को इससे जोड़ने की दिशा में डाक विभाग ने एक और महत्वपूर्ण पहल करते हुए एनआईटी हमीरपुर परिसर में प्रदेश का दूसरा एन-जेन (नेक्स्ट जेनरेशन) डाकघर शुरू किया है। इस अत्याधुनिक डाकघर का उद्घाटन मंगलवार को हिमाचल प्रदेश सर्कल के चीफ पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने किया। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश सर्कल के डायरेक्टर पोस्टल सर्विस प्रवीण कुमार, एनआईटी हमीरपुर के ऑफिशिएटिंग डायरेक्टर अनुप कुमार, डाक विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, संस्थान के कर्मचारी और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित रहे।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए चीफ पोस्टमास्टर जनरल संजय सिंह ने कहा कि डिजिटल युग से पहले देश को जोड़ने का सबसे सशक्त माध्यम डाक विभाग ही था, जिसने दूर-दराज के क्षेत्रों तक संचार की सुविधा पहुंचाई। उन्होंने कहा कि एनआईटी हमीरपुर जैसे प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान में प्रदेश का दूसरा एन-जेन डाकघर खुलना गर्व का विषय है। यह डाकघर विशेष रूप से युवाओं की जरूरतों और उनकी आधुनिक सोच को ध्यान में रखते हुए डिजाइन किया गया है, ताकि वे डाक सेवाओं को नए दृष्टिकोण से समझ सकें और उनका अधिक उपयोग कर सकें।
संजय सिंह ने बताया कि यह हमीरपुर शहर का पहला एन-जेन डाकघर है, जिसमें पारंपरिक डाक सेवाओं के साथ-साथ कई आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध करवाई गई हैं। इस डाकघर में नि:शुल्क हाई-स्पीड वाई-फाई, कैफेटेरिया और मिनी लाइब्रेरी जैसी सुविधाएं मौजूद हैं, जिससे यह स्थान केवल डाक कार्यों तक सीमित न रहकर युवाओं के लिए एक मल्टी-यूटिलिटी स्पेस के रूप में विकसित हुआ है।उन्होंने जानकारी दी कि एन-जेन डाकघर में क्यूआर कोड आधारित डिजिटल भुगतान प्रणाली, स्वचालित पार्सल पैकेजिंग और बुकिंग यूनिट, रियल-टाइम ट्रैकिंग सुविधा के साथ पार्सल की स्थिति जानने की व्यवस्था, आधार नामांकन और अपडेट जैसी सेवाएं भी उपलब्ध करवाई जाएंगी। इससे छात्रों और आम लोगों को एक ही स्थान पर कई सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
इस अवसर पर यह भी बताया गया कि एनआईटी हमीरपुर के छात्रों ने पुराने डाकघर को आधुनिक रूप देने में सक्रिय सहयोग किया है, जिससे यह डाकघर युवाओं के लिए और अधिक आकर्षक बन सका। डाक विभाग का उद्देश्य अपनी सेवाओं को स्मार्ट, तेज और अधिक सुलभ बनाना है, ताकि बदलते समय के साथ विभाग की उपयोगिता बनी रहे।कार्यक्रम के अंत में पोस्ट ऑफिस हमीरपुर के सीनियर सुपरिंटेंडेंट कंचन सिंह चौहान ने सभी मुख्य और विशिष्ट अतिथियों को शॉल, टोपी और स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। उन्होंने बताया कि जनवरी माह तक प्रदेश में कुल चार डाकघरों को एन-जेन या डिजिटल डाकघरों में बदला जाएगा और इस दिशा में कार्य तेजी से जारी है।
Chandrika
