संजु चौधरी, शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से ओपीएस को बहाल तो कर लिया गया लेकिन बिजली बोर्ड के कर्मचारी अभी भी इसस बाहर हैं। ऐसे में बिजली बोर्ड के कर्मचारियों की तरफ से इस बात का विरोध जताया जा रहा हैं। बोर्ड के कर्मचारी भी उन्हें ओपीएस के दायरे में लाने की मांग कर रहे हैं। अपनी इसी मांग को लेकर गुरुवार को बिजली बोर्ड मुख्यालय कुमार हाउस के बाहर विशाल धरना प्रदर्शन किया और बिजली बोर्ड के अधिकारियों पर कर्मचारियों के हक को मारने के आरोप लगाए।
हिमाचल प्रदेश बिजली बोर्ड कर्मचारी संघ के महासचिव हीरालाल वर्मा ने बताया कि मुख्यमंत्री कई बार बिजली बोर्ड के कर्मचारियों को ओपीएस बहाली की घोषणा कर चुके हैं बावजूद इसके बोर्ड के अधिकारी गंभीर नहीं हैं। लगभग 10 हजार के आसपास बिजली बोर्ड के कर्मचारी पुरानी पेंशन योजना से महरूम हो गए हैं, जबकि दूसरे निगमों और बोर्ड के कर्मचारी ओपीएस के दायरे में आ चुके हैं, लेकिन बिजली बोर्ड के कर्मचारियों से सौतेला व्यवहार हो रहा हैं। इसी के खिलाफ़ आज कर्मचारी इक्कठे हुए हैं और अगर आज शाम तक कर्मचारियों के लिए ओपीएस बहाली की अधिसूचना जारी नहीं होती है तो प्रदेश में एक बड़ा आंदोलन छेड़ा जाएगा।
