कांगड़ा (राहुल चावला): अगर हमें किसी सवाल का जवाब ढूंढना होता है तो हम उसके लिए गूगल की मदद लेते हैं। लेकिन जब कोई इंसान तेजी से सवालों का जवाब देता है तो उसे कहा जाता है कि इसका दिमाग तो गूगल जैसा है। ऐसे ही एक गूगल बॉय के बारे में हम आपको बताने जा रहे हैं।
बता दें कि कांगड़ा जिला के देहरा का 4 साल का गूगल बॉय हर सवाल का जबाव चंद मिनटों में देता है। 4 साल के हर्षिल पठानिया ने कलाम वर्ल्ड रिकॉर्ड में अपना नाम दर्ज करवाकर नया रिकॉर्ड बनाया है। हर्षिल के घर बधाइयों का सिलसिला भी जारी है। आपको जान कर हैरानी होगी कि हर्षिल ने विश्व के 150 ऐतिहासिक इमारतों या भवनों के नाम और 265 विश्व ध्वजों की पहचान 7 मिनट और 15 सेकंड में की है।
उसका पिछले साल इंडिया बुक ऑफ रिकॉर्डस में भी नाम दर्ज हो चुका है जिसके लिए उसे प्रमाणपत्र भी मिला है। हर्षिल एस.आई.एस पब्लिक स्कूल मोहाली में नर्सरी कक्षा में पढ़ता है। उसके माता-पिता ने बताया कि हर्षिल को इस उम्र में ही एक बार पढ़ने से ही सब याद हो जाता है। सभी भारतीय राज्यों और उनकी राजधानियां उसे जुबानी याद हैं।

