अरविंदर सिंह,हमीरपुर: हमीरपुर शहर के करीबी इलाके डुग्गा में देर रात करीब 11 बजे एक फर्नीचर हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में गोदाम में रखा लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया है। जय श्री राम गोदरेज फर्नीचर हाउस में अग्निकांड की यह घटना देर रात हुई है।गोदाम के पास में ही इस फर्म का शोरूम भी है। हादसे की प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है।
रात को कुछ लोगों ने इस गोदाम से आग की लपटें निकलते हुए देखी तो तुरंत इसके मालिक रविंद्र पटियाल को सूचना दी गई। उन्होंने मौके पर पहुंचकर फायर ब्रिगेड को जानकारी द, जिसके बाद फायर ब्रिगेड घटनास्थल पर आई और करीब 2 घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। इस आगजनी में गोदाम में रखी बैंक की चार बड़ी सेफ, कुर्सियां, टेबल, गद्दे और अलमारियां जलकर राख हो गए है।
करीब 30 लाख रूपए का नुक़सान मौके पर आंका गया है। पटियाल ने बताया कि जब उन्हें इसके बारे में जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे लेकिन तब आग भीषण रूप ले चुकी थी। फायर ब्रिगेड ने बाद में आग पर काबू पाया। पुलिस भी अब मामले की जांच कर रही है।
