बिलासपुर/सुभाष ठाकुर – हिमाचल प्रदेश सर्व कर्मचारी पेंशनर्स, श्रमिक, युवा बेरोजगार संयुक्त मोर्चा के अध्यक्ष गोपाल दास वर्मा ने ऐलान किया है कि आगामी विधानसभा चुनावों में पूरी तरह से भाजपा का समर्थन किया जाएगा। 2017 में हुए विधानसभा चुनावों में भी संयुक्त मोर्चा ने भाजपा का समर्थन किया था और प्रदेश में भाजपा की सरकार बनी थी। इस बार भी प्रदेश में भाजपा की सरकार बनेगी। क्योंकि, प्रदेश के समस्त कर्मचारी मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के साथ हैं। उन्होंने कर्मचारियों की सभी मांगों को माना है और जो भी कर्मचारियों, पेंशनर्स व श्रमिकों ने उनसे मांगा है वह उन्होंने दिया है। बुधवार को बिलासपुर के सर्किट हाउस में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में गोपाल दास वर्मा ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कर्मचारियों की हजारों मांगों को पूरा किया है।
हालांकि, मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का अधिक कार्यकाल कोरोना में बीत गया, बावजूद इसके उन्होंने प्रदेश के कर्मचारियों व पेंशनर्स को बहुत कुछ दिया है। वहीं, उन्होंने कहा कि जो एनपीएस नेता पूरे प्रदेश में धरने पर बैठे हैं, उन्हें वह धरना समाप्त कर देना चाहिए। क्योंकि इस धरने से कुछ नहीं होगा। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने स्पष्ट शब्दों में कहा है कि इस विषय को केंद्र सरकार के समक्ष उठाया गया। ओपीएस की मांग को लेकर किया जा रहा यह धरना पूरी तरह से राजनीति से प्रेरित है। कांग्रेस के बहकावे में आकर यह किया जा रहा है। लेकिन, कांग्रेस ओपीएस कभी नहीं दे सकती। बिना केंद्र सरकार के यह संभव नहीं है। उन्होंने एनपीएस कर्मचारियों को सलाह दी है कि राजनीति छोड़े और कांग्रेस के बहकावे में नहीं आएं। कांग्रेस वोट बैंक के लिए कर्मचारियों को बहकाने का काम कर रही है।
