बिलासपुर/सुभाष ठाकुर- भोपाल में होने जा रही राष्ट्रीय जूनियर कायकिंग एंड कनोइंग चैंपियनशिप के लिए हिमाचल प्रदेश की टीम भोपाल के लिए रवाना हो गई। टीम को बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं देते हुए जिला कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन ने
खिलाड़ियों को किट प्रदान की और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करके मेडल हासिल करने की उम्मीद जताई।
खिलाड़ियों को सिखाए गए कायकिंग एंड कनोइंग के विभिन्न गुर
हिमाचल प्रदेश की जूनियर टीम का भोपाल जाने से पूर्व बिलासपुर की गोविंदसागर झील में एक दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर भी आयोजित किया गया। जिसमे सभी खिलाड़ियों को कायकिंग एंड कनोइंग के विभिन्न गुर सिखाए गए। वहीं, जल क्रीड़ा केंद्र प्रभारी जमुना ठाकुर ने बताया की सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रशिक्षण शिविर के दौरान बेहरीन प्रदर्शन किया है और उन्हे उम्मीद है कि हिमाचल प्रदेश की यह जूनियर टीम राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भी अपना अव्वल प्रदर्शन करेगी।
खिलाड़ियों को दी गई स्पोर्ट्स किट
कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन के जिला प्रधान कमल गौतम ने कहा कि राज्य संघ के निर्देशानुसार सभी खिलाड़ियों को स्पोर्ट्स किट प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में राज्य और केंद्र सरकार के सहयोग से बिलासपुर की गोविंदसागर झील और कोलडैम झील में वाटर स्पोर्ट्स की राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएगी । जिसके लिए एसोसियशन ने अपने प्रयास शुरू कर दिए हैं। जल्द ही बिलासपुर की इन दो बड़ी झीलों में वाटर स्पोर्ट्स से जुडी अन्य खेलों की योजनाएं बनाने के लिए एक्सपर्ट्स को आमंत्रित किया जाएगा ताकि भविष्य का संभावित खाका तैयार किया जा सके।
टीम ने जताई जीतने की उम्मीद
हिमाचल प्रदेश की जूनियर टीम में भाग ले रहे बच्चों ने कहा कि पूरी टीम हिमाचल प्रदेश को मेडल लाने का पूरा प्रयास करेगी और इस राष्ट्रीय चैंपियनशिप में हिमाचल प्रदेश का नाम ऊंचा करेगी । इस अवसर पर जिला कायकिंग एंड कनोइंग एसोसिएशन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
