बिलासपुर :सुभाष ठाकुर (TSN)- कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री रामलाल ठाकुर ने विधान सभा के शीतकालीन सत्र के दौरान वर्ष 2022-23 की महालेखा परीक्षक रिपोर्ट की गहन जांच कराने और इस रिपोर्ट से सबक लेकर भविष्य में धन अपव्यय को रोकने के गंभीर प्रयास करने का आग्रह किया है |
पत्रकारों से बातचीत करते हुए रामलाल ठाकुर ने कहा कि भाजपा की पूर्व जयराम ठाकुर सरकार के समय हिमुड़ा द्वारा किया गया वित्तीय कुप्रबंधन व भारी अपव्यय एक दम लापरवाही व नियमों का उल्लंघन तथा आवश्यकता से अधिक व्यय करने का स्पष्ट प्रमाण है | जिसका कडा संज्ञान लेकर कठोर कार्यवाही की जानी चाहिए | रामलाल ठाकुर ने कहा कि बड़े ही आश्चर्य की बात है कि हिमुड़ा ने सरकारी विभागों के करोड़ों रुपयों के कार्य किये ,किन्तु उनका व्यय वसूल नहीं कर पाया | जिससे हिमुड़ा को 14 करोड़ रुपए से अधिक का घाटा हुआ है | जबकि उससे भी बड़ा कारनामा यह कर दिखाया है कि इन्कम टेक्स विभाग को कोई साढ़े 13 करोड़ रुपए की राशि एडवांस में ही अदा कर दी गई है | इसी प्रकार निर्माणाधीन भवनों की एडजैस्टमेंट बायलेंस सीट में वर्ष 2020-21 में लाखों रुपए वास्तविकता से कम दिखाया गया है | जबकि अकाउंट में महालेखा परीक्षक ने कितनी ही अन्य असुद्धियाँ पाई हैं |
106 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि का सर्विस चार्ज भी नहीं दिया भाजपा सरकार ने
रामलाल ठाकुर ने कहा कि कितने ही कार्यों पर आवश्यकता से अधिक धन खर्च कर दिया गया है जबकि 106 करोड़ 43 लाख रुपए की राशि का सर्विस चार्ज भी नहीं वसूला गया है | रामलाल ठाकुर ने कहा है कि यही कारण है कि कितने ही बोर्ड व कार्पोरेशन बार -बार घाटे का शिकार हो रहे हैं और यह घाटा निरंतर बढ़ता जा रहा है | उन्होने कहा कि अपव्यय अथवा व्यर्थ के व्यय पर कड़ाई से अंकुश लगाए जाने की आवश्यकता है ताकि प्रदेश की आर्थिक स्थिति को डगमगाने से रोका जा सके |
