Bilaspur, Subhash-:अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की सचिव और जिला बिलासपुर की पर्यवेक्षक हिना लिखीराम कावरे ने कहा कि कांग्रेस का संगठन सृजन अभियान पूरे देश में तेजी से आगे बढ़ रहा है। इस अभियान का निर्णय पिछले वर्ष अहमदाबाद अधिवेशन में लिया गया था तथा वर्ष 2025 को पूर्ण रूप से इस अभियान को समर्पित किया गया है। उन्होंने शुक्रवार को इंदिरा भवन, बिलासपुर में आयोजित प्रेसवार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष चयन की प्रक्रिया और मानकों को विस्तार से बताया।
कावरे ने कहा कि जिला अध्यक्ष पद के सभी दावेदारों से वन-टू-वन बातचीत की जाएगी। उनका कहना है कि पार्टी का लक्ष्य जिला स्तर पर सर्वसम्मति से एक नाम आगे भेजने का रहेगा। यदि किसी एक नाम पर सहमति नहीं बनती है, तो जिला स्तर पर छह नामों का पैनल तैयार किया जाएगा और उसे हाईकमान के पास भेजा जाएगा। अंतिम निर्णय पार्टी नेतृत्व ही लेगा।उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिला अध्यक्ष का पद ऐसे व्यक्ति को दिया जाएगा जो मजबूत निर्णय क्षमता रखता हो, संगठन को जमीनी स्तर पर सशक्त कर सके और जिसकी जवाबदेही स्पष्ट रूप से तय की जा सके। चयन के बाद संबंधित अध्यक्ष को पार्टी द्वारा विशेष प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वह संगठनात्मक कौशल को और निखार सके।
हिना कावरे ने जानकारी दी कि जिला के सभी कार्यकर्ता 7 दिसंबर तक अध्यक्ष पद के लिए आवेदन कर सकते हैं। वहीं 8 दिसंबर को पूरी रिपोर्ट और पैनल हाईकमान को भेज दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि पहले दिन ही जिला अध्यक्ष पद के लिए चार आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से एक उम्मीदवार से उन्होंने व्यक्तिगत बातचीत भी की है।उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन यह भी प्रयास कर रहा है कि जिला के बुद्धिजीवी वर्ग, सामाजिक प्रतिनिधियों और अनुभवी कार्यकर्ताओं की राय को भी प्रक्रिया में शामिल किया जाए, ताकि एक प्रभावी, सक्रिय और सर्वसम्मत नेतृत्व आगे आ सके।उन्होंने दावा किया कि प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने के बाद बिलासपुर जिले में संगठनात्मक समन्वय और अधिक मजबूत हुआ है। नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर तालमेल से संगठन को नई ऊर्जा मिल रही है, जो आने वाले समय में पार्टी की मजबूती का आधार बनेगा।
