Shimla, Sanju –हिमाचल प्रदेश ने शिक्षा के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की है। विश्व साक्षरता दिवस के अवसर पर राज्य को पूर्ण साक्षर राज्य घोषित किया गया। लद्दाख, गोवा, लक्षद्वीप और त्रिपुरा के बाद अब हिमाचल प्रदेश भी इस श्रेणी में शामिल हो गया है।
राज्य की साक्षरता दर 99.3 प्रतिशत तक पहुँच गई है, जो पूरे देश में सबसे अधिक है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने इस उपलब्धि को हिमाचल के लिए “गौरव का क्षण” बताया। उन्होंने कहा कि आज़ादी के समय प्रदेश की साक्षरता दर मात्र 7.5 प्रतिशत थी, जबकि 2011 में यह बढ़कर 82.80 प्रतिशत तक पहुँच गई थी। अब यह आँकड़ा 99.30 प्रतिशत हो चुका है।मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि हिमाचल के हर नागरिक की मेहनत और शिक्षा के प्रति जागरूकता का परिणाम है। यह राज्य के लिए ऐतिहासिक क्षण है।
प्रधानमंत्री का दौरा, विशेष राहत पैकेज की उम्मीद
इसी बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को हिमाचल प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। मुख्यमंत्री सुक्खू ने संकेत दिया कि वे प्रधानमंत्री से विशेष आपदा राहत पैकेज की मांग करेंगे।राज्य सरकार को उम्मीद है कि प्रधानमंत्री आपदा प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं दौरा करेंगे और केंद्र से आर्थिक मदद सुनिश्चित करेंगे। इससे पहले हिमाचल प्रदेश विधानसभा राज्य में आई आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेज चुकी है।
