Mandi, Dharamveer-मंडी ज़िले के नेरचौक स्थित श्री लाल बहादुर शास्त्री मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल को सोमवार सुबह ईमेल के जरिए बम धमाके की धमकी दी गई। सूचना मिलते ही अस्पताल प्रशासन ने तुरंत पुलिस और जिला प्रशासन को अवगत कराया।
सुरक्षा के मद्देनज़र कॉलेज और अस्पताल परिसर को खाली करवाकर बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाशी अभियान चलाया गया। डीएसपी हेडक्वार्टर दिनेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की गहन जांच की जा रही है।गौरतलब है कि इससे पहले भी प्रदेश सचिवालय, हाईकोर्ट और डीसी ऑफिस मंडी सहित कई सरकारी संस्थानों को इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं, जो बाद में फर्जी साबित हुई थीं। फिलहाल, पुलिस साइबर सेल के सहयोग से उस व्यक्ति या गिरोह की तलाश में जुटी है जो इस तरह के ईमेल भेजकर अफवाह फैलाने की कोशिश कर रहा है।
